मेधा का सम्मान और वैचारिक क्षितिज

“हौसलों के आगे कोई पर्दा नहीं होता ,कड़े परिश्रम का कोई विकल्प नही होता
दिल मे हो जज़्बा कुछ कर दिखाने का तो,जलते दीए को भी आंधियों का डर नहीं होता”
प्रयागराज के ऐतिहासिक गौरव के प्रतीक, सेंट जोसेफ्स कॉलेज के भव्य सभांगण में १९ मई २०२६ की संध्या को वार्षिक पुरस्कार समारोह का अत्यंत गरिमामयी ढंग से आयोजित हुआ। यह मांगलिक उत्सव संस्थान के मार्गदर्शक ध्येय वाक्य ‘सेम्पर सुर्सम’ (सदा उच्चता की ओर) के प्रति अटूट निष्ठा का जीवंत साक्ष्य था। संपूर्ण परिवेश गौरव और हर्ष की तरंगों से स्पंदित था, जहाँ उपस्थित प्रबुद्ध अभिभावक, पुरातन छात्र और अनुशासित विद्यार्थीगण विगत सत्र में अकादमिक तथा पाठ्येतर गतिविधियों में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाली विभूतियों के अभिनंदन हेतु एकत्रित हुए थे।
समारोह का शुभारंभ श्रीमती सी. वेस्ली द्वारा पवित्र बाइबिल के पाठ एवं पावन प्रार्थना से हुआ, जिसने संपूर्ण वातावरण को एक अलौकिक दिव्यता और एकाग्रता से परिपूर्ण कर दिया। तत्पश्चात, विद्यालय के सुरीले गायक दल ने सुमधुर भजनों और ओजस्वी ‘कॉलेज गान’ की प्रस्तुतियाँ दीं, जिनकी गूँज ने उपस्थित जनसमूह में संस्थान के प्रति गहरे आदर और परंपरा के भाव को जागृत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि के साथ-साथ विद्यालय प्रधानाचार्य रेव. फा0 वाल्टर डी. सिल्वा ,हेड्मास्टर रेव. फा0 मेल्विन पेस, एडिशनल ऐड्मिनिस्ट्रेटर रेव. फा0 ग्लैडविन फर्नांडिस ,स्कूल ऐड्मिनिस्ट्रेटर श्री ए. मगावन,स्कूल कोऑर्डिनेटर श्री ज्योति दुबे ,मिडल स्कूल कोऑर्डिनटेर अपर्णा रंजन आदि द्वारा दीप-प्रज्वलन की पारंपरिक रीत संपन्न हुई, जो अज्ञान के तिमिर को मिटाकर ज्ञान को आलोकित करता है
इस वर्ष, जोसेफाइट परिवार को मुख्य अतिथि के रूप में इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति(पहली महिला कुलपति) सम्मानीय डॉ. श्रीमती संगीता श्रीवास्तव जी का सानिध्य प्राप्त करने का परम सौभाग्य मिला। सुश्री ए. जे. डी’क्रूज़ ने मुख्य अतिथि का सारगर्भित परिचय प्रस्तुत करते हुए बताया, वो(डॉ0 संगीता श्रीवास्तव ) एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं कुशल प्रशासक के रूप में उन्हें 26 जनवरी 2023 को रक्षा मंत्रालय द्वारा मानद “कर्नल कमांडेंट” की उपाधि से सम्मानित किया गया। माननीय प्रधानाचार्य जी ने उन्हें एक नवपल्लव भेंट कर उनका सहृदय स्वागत किया। यह उपहार परिसर की निरंतर प्रगति और पर्यावरण संरक्षण के दृढ़ संकल्पों का परिचायक था। इस संपूर्ण और विस्तृत कार्यक्रम का अत्यंत कुशल एवं सूत्रबद्ध संचालन मंच संचालिका श्रीमती एम. डी’सूजा द्वारा किया गया, जिनके परिष्कृत शब्दों ने कार्यक्रम को निरंतरता प्रदान की।
इस महोत्सव का मुख्य केंद्र बिंदु विद्यार्थियों और गुरुजनों के अनवरत पुरुषार्थ को सम्मानित करना था। पुरस्कारों के वितरण का यह क्रम अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ा, जिसके अंतर्गत सर्वप्रथम बहुप्रतीक्षित बोर्ड परीक्षाओं के मेधावियों को मंच पर आमंत्रित किया गया। मुख्य अतिथि ने कक्षा १०वीं आई.सी.एस.ई. और कक्षा १२वीं आई.एस.सी. परीक्षा के शीर्ष स्थान प्राप्तकर्ताओं को उनकी असाधारण शैक्षणिक सिद्धियों के लिए प्रतिष्ठित पदकों से नवाजा। इसके पश्चात, निरंतरता को प्रोत्साहित करते हुए कक्षा ६वीं से ८वीं तथा कक्षा ९वीं से ११वीं के उत्कृष्ट छात्रों की योग्यता और शत-प्रतिशत उपस्थिति के विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए, जो वर्ष पर्यंत उनके कठिन परिश्रम को रेखांकित करते हैं। इसी क्रम में, जे.सी.टी. ट्रस्ट के सम्मानित सदस्यों ने योग्य छात्रों को उच्च शिक्षा की निर्बाध यात्रा हेतु प्रतिष्ठित जे.सी.टी. छात्रवृत्तियां अर्पित कीं, और साथ ही मुख्य अतिथि द्वारा निष्ठावान शिक्षक-वृंद को उनकी अनुकरणीय कर्तव्यनिष्ठा के लिए शत-प्रतिशत उपस्थिति पुरस्कारों से विभूषित किया गया।
इन गंभीर गरिमामयी सम्मान प्रस्तुतियों के मध्य, जोसेफाइट छात्रों की बहुआयामी प्रतिभा को प्रदर्शित करती सांस्कृतिक कड़ियों का सुंदर समावेश किया गया। मिडिल सेक्शन (मध्यम वर्ग) के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एक लयबद्ध और ऊर्जावान सामूहिक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभागार को कलात्मक छटा से सराबोर कर दिया। इसके उपरांत, सीनियर सेक्शन (वरिष्ठ वर्ग) के छात्रों द्वारा दी गई परिष्कृत और शास्त्रीय वाद्ययंत्रों की प्रस्तुति ने संगीत के प्रति उनकी साधना और संस्था में दी जाने वाली उच्च स्तरीय कलात्मक शिक्षा का परिचय दिया।
अपने मुख्य उद्बोधन में मुख्य अतिथि, डॉ. श्रीमती संगीता श्रीवास्तव जी ने सेंट जोसेफ्स कॉलेज की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत की भूरि-भूरि प्रशंसा की और सभी विजेता छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया कि वे अपनी इस शिक्षा का उपयोग राष्ट्र निर्माण और प्रगतिशील सामाजिक परिवर्तन के लिए एक सशक्त माध्यम के रूप में करें। इसके बाद, माननीय प्रधानाचार्य जी ने अपने भाषण में पूरे शैक्षणिक वर्ष की सामूहिक सफलताओं पर गहरा संतोष व गर्व व्यक्त किया और मुख्य अतिथि महोदया को उनकी गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार स्वरूप एक स्मृति-चिह्न भेंट किया। अंततः, कॉलेज के हेड प्रीफेक्ट मोहहमद द्वारा दिए गए अत्यंत कृतज्ञतापूर्ण धन्यवाद ज्ञापन के साथ और राष्ट्रगान की गंभीर व ओजस्वी धुनों के साथ कार्यक्रम का सम्मापन हुआ |
जोसेफाइट्स चैरिटेबल ट्रस्ट (जेसीटी) छात्रवृत्तियाँ
जोसेफाइट्स चैरिटेबल ट्रस्ट (जेसीटी) की स्थापना 2016 में 1996 बैच के पूर्व छात्रों द्वारा पूर्व छात्रों, उनके परिवारों और कॉलेज के शिक्षकों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए की गई थी। प्रतिवर्ष, शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति के रूप मे निश्चित धनराशि प्रदान की जाती है | इस साल जे.सी.टी छात्रवृत्ति डॉ0 निमिष अग्रवाल, अविनाश राय ज़ादा, निखार सागर द्वारा प्रदान किया गया |
