पूनम संत महिला एवं विकास समिति के द्वारा भव्य महिला चौपाल का हुआ आयोजन



लुधियाना.पूनम संत महिला एवं विकास समिति के द्वारा मिशन दुर्गा के अंतर्गत सिविल लाइंस, लुधियाना, पंजाब में एक भव्य महिला चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं संस्था की सखियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में संस्था के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक संत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता पंजाब प्रांत की प्रदेश संयोजिका आकांक्षा आहूजा के द्वारा की गई, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन लुधियाना की जिला अध्यक्ष स्किंटी आहूजा ने किया।
इस अवसर पर लुधियाना की जिला प्रभारी सुमन कोहली एवं जिला सचिव कृष्णा रानी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सचिव अभिषेक संत ने संस्था के द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं — “बेटी है तो कल है”, “मिशन दुर्गा” एवं “सखी जोड़ो अभियान” — के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनने हेतु प्रेरणादायक संबोधन दिया।
प्रदेश संयोजिका आकांक्षा आहूजा ने भी उपस्थित महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया तथा समाज में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत उपस्थित सखियों को संस्था की ओर से निःशुल्क उपहार स्वरूप कुकर, भगोना (पतीला), कढ़ाई, परात, डोलू (केन) सहित विभिन्न प्रकार के बर्तन वितरित किए गए। उपहार प्राप्त कर महिलाओं में विशेष उत्साह एवं खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा सभी पदाधिकारियों एवं उपस्थित महिलाओं ने संस्था के सामाजिक एवं महिला सशक्तिकरण कार्यों की सराहना की।
