एक पेड़ मां के नाम, हरित भविष्य का निर्माण:नन्दी
नैनी स्थित ग्राम धनुआ स्मृति वाटिका में मंत्री नन्दी ने किया पौधरोपण

नैनी. प्रयागराज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने प्रयागराज के नैनीं स्थित ग्राम धनुआ की स्मृति वाटिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायीं एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया।
मंत्री नन्दी ने कहा कि पौधरोपण मात्र पर्यावरण संरक्षण का माध्यम भर नहीं है बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प भी है।
कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा ही नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के आधार स्तंभ हैं। ये हमें स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता तथा पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य के लिए वृक्षारोपण एवं उनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
मंत्री नन्दी ने सभी से अपील की कि प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष वर्मा, नगर आयुक्त प्रयागराज साईं तेजा, डीएफओ अरविंद यादव, एसडीएम तपन मिश्रा, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
