पूनम संत महिला एवं विकास समिति द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन

प्रयागराज पूनम संत महिला एवं विकास समिति के द्वारा राजरूपुर स्थित कार्यालय परिसर में एक भव्य ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संस्था से जुड़ी बड़ी संख्या में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा संगठन द्वारा संचालित विभिन्न जनजागरण अभियानों एवं योजनाओं जैसे “बेटी है तो कल है”, “मिशन दुर्गा” एवं “सखी जोड़ो अभियान” को अपनी रचनात्मक चित्रकला के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं में रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना था। प्रतिभागियों ने अपने सुंदर एवं प्रेरणादायक चित्रों के माध्यम से संगठन के उद्देश्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी के पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम संत ने सभी प्रतिभागी बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की प्रतिभा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।
संस्था की राष्ट्रीय संयोजिका इसाबेल ब्रेंडिश जी ने भी उपस्थित बालिकाओं का मनोबल बढ़ाया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक संत द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव हेमा शर्मा, जिला सचिव सीमा भारतीय, प्रीति भारतीय, गूंजा देवी, प्रीति प्रजापति, रेणुका शर्मा, तृप्ति दूबे, अनामिका सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
