रोटरी प्रयागराज संगम के द्वारा जिला महिला चिकित्सालय में आयोजित स्वास्थ्य सम्मान समारोह में 13 चिकित्सकों का हुआ सम्मान

प्रयागराज।
रोटरी प्रयागराज संगम द्वारा गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय (डफरिन अस्पताल), प्रयागराज में “स्वास्थ्य सम्मान समारोह” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रति समर्पित भाव से उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्सकों का सम्मान कर उनके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अमरेंद्र सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि चिकित्सक मानवता की सेवा के सबसे सशक्त स्तंभ हैं। उनका समर्पण, सेवा और संवेदनशीलता समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा रोटरी ऐसे कर्मयोगी चिकित्सकों के सम्मान को अपना सौभाग्य मानता है।
इस अवसर पर लगभग 13 प्रतिष्ठित चिकित्सकों को उनके उत्कृष्ट चिकित्सकीय योगदान एवं समाज सेवा के लिए अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. सुनीता सागर, डॉ. नूरूस हसन, डॉ. इसरार अहमद, डॉ. ममता सिंह, डॉ. शमीम अहमद, डॉ. प्रेरणा पाराशर, डॉ. मधुश्री दास, डॉ. अंकित श्रीवास्तव, डॉ. संदीप शुक्ला, डॉ. प्रियम शुक्ला, डॉ. विदिशा त्रिपाठी, डॉ. राजीव त्रिपाठी सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे।
सम्मान समारोह के दौरान सभी सम्मानित चिकित्सकों ने रोटरी परिवार के साथ केक काटकर इस विशेष समारोह का उत्सव मनाया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण और अधिक आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण हो गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने चिकित्सकों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमापूर्ण संचालन रोटेरियन डॉ. अमित त्रिपाठी ने किया। उन्होंने चिकित्सकों के सेवा भाव एवं समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में डॉक्टरों की भूमिका अतुलनीय है।
कार्यक्रम के अंत में क्लब की सचिव रोटेरियन साधना श्रीवास्तव ने सभी सम्मानित चिकित्सकों, अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी प्रयागराज संगम भविष्य में भी समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करता रहेगा।
इस अवसर पर क्लब ट्रेनर एवं असिस्टेंट गवर्नर (ज़ोन-3) रोटेरियन मन्दीप श्रीवास्तव, वर्तिका सिंह, सोनल अग्रवाल, गीतिका अस्थाना, श्वेता अग्रवाल, आफताब अहमद सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित चिकित्सकों एवं अतिथियों ने रोटरी प्रयागराज संगम की इस पहल की सराहना करते हुए इसे चिकित्सा जगत के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
