राजऋषि पुरुषोत्तम दास टंडन जयंती माह
छह विद्यालयों में प्रतिभा खोज प्रतियोगिताओं का चौथा चरण संपन्न
चित्रकला, निबंध व मेहंदी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग

प्रयागराज। भारत रत्न राजऋषि पुरुषोत्तम दास टंडन की जयंती माह के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय युवा खत्री समाज (रजि.) दिल्ली द्वारा संचालित जनपद स्तरीय प्रतिभा खोज अभियान के अंतर्गत बुधवार को प्रतियोगिताओं का चतुर्थ चरण प्रयागराज के छह विद्यालयों में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
इस चरण में गोल्डन नर्सरी स्कूल, दरियाबाद, युगुल किशोर जूनियर हाईस्कूल, डी.पी.एस.सी., नैनी, जीनियस स्कूल, अरेल, एम.पी.एस. हाई सेकेंडरी स्कूल, मुवैय्या तथा स्वामी विवेकानंद स्कूल, हनुमानगंज में चित्रकला, निबंध एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और कलात्मक अभिव्यक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यालयों का वातावरण दिनभर उत्सव जैसा बना रहा तथा विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सभी ने सराहना की।
मुख्य अतिथियों एवं निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों में आत्मविश्वास, सृजनशीलता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने भारत रत्न राजऋषि पुरुषोत्तम दास टंडन के राष्ट्रभाषा प्रेम, राष्ट्रसेवा एवं सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
अखिल भारतीय युवा खत्री समाज (रजि.) दिल्ली के संरक्षक महेश कपूर, राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण बहल एवं महासचिव अखिल कक्कड़ के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में प्रतियोगिताओं का क्रम निरंतर जारी है। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनन्द जी टंडन (पप्पन भैया) एवं प्रदेश अध्यक्ष बृजेश सिड़ाना ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रथम, दुतीय, तृतीय प्रमाण-पत्र, मैडल प्रदान किए जा रहे हैं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 1 अगस्त को आयोजित होने वाले भव्य सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रधानाचार्या निशा कौशल, डॉ. नीता सेठ, गजला, हिना, अंजना, वीर सर, सोनू, अंजली, नीलम बहल, बृजेश मेहरोत्रा, अतुल खन्ना, नीरज टंडन, मनीष कपूर, अभय मेहरोत्रा सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं संगठन के पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।
