प्रयागराज से फ्लाइटों की संख्या बढ़ाने की मांग, व्यापार मंडल जल्द सौंपेगा ज्ञापन
प्रयागराज। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आज सिविल लाइंस स्थित होटल यशपदम कॉन्टिनेंटल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि प्रयागराज से संचालित होने वाली फ्लाइटों की संख्या लगातार घटती जा रही है। वर्तमान में प्रयागराज से सप्ताह भर में मात्र 28 फ्लाइटें संचालित हो रही हैं, जबकि लखनऊ एवं वाराणसी जैसे शहरों से प्रतिदिन 80 से 100 फ्लाइटें संचालित होती हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति प्रयागराज के पर्यटन, व्यापार एवं औद्योगिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज गंगा, यमुना एवं अदृश्य सरस्वती के पावन संगम की नगरी है, जिसे विश्वभर में अपनी धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता है। ऐसे महत्वपूर्ण शहर से सीमित हवाई सेवाएं न केवल स्थानीय व्यापारियों एवं उद्योगों के लिए कठिनाई उत्पन्न कर रही हैं, बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
श्री गोयल ने कहा कि फ्लाइटों की संख्या कम होने के कारण प्रयागराज का होटल उद्योग, ट्रैवल एवं टूरिज्म सेक्टर, टैक्सी एवं परिवहन सेवाएं, रेस्टोरेंट, व्यापारिक प्रतिष्ठान तथा पर्यटन से जुड़े अनेक छोटे-बड़े व्यवसाय गंभीर आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। यदि शहर में आने वाले पर्यटकों एवं व्यापारिक यात्रियों की संख्या घटेगी, तो इसका सीधा असर स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में करोड़ों रुपये की लागत से आधुनिक एवं विशाल एयरपोर्ट का निर्माण किया गया है, लेकिन यदि इतने बड़े एयरपोर्ट से सप्ताह भर में केवल 28 फ्लाइटें ही संचालित हों, तो इस आधारभूत संरचना का उद्देश्य और उपयोगिता दोनों ही प्रभावित होते हैं। शहर की आवश्यकताओं और संभावनाओं के अनुरूप यहां से अधिक उड़ानों का संचालन किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस विषय को गंभीरता से उठाते हुए शीघ्र ही एयरपोर्ट निदेशक/मैनेजर एवं जिलाधिकारी प्रयागराज को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें प्रयागराज से फ्लाइटों की संख्या बढ़ाने एवं देश के प्रमुख महानगरों के लिए नियमित उड़ानें प्रारंभ करने की मांग की जाएगी।बैठक में प्रमुख रूप वरिष्ठ महामंत्री नवीन अग्रवाल, जिला अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, जिला महिला अध्यक्ष रोशनी केसरवानी, वरिष्ठ महामंत्री पीयूष पांडे, वरिष्ठ महामंत्री अभिषेक केसरवानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विकास वैश्य, महिला महानगर अध्यक्ष मनोरमा गोस्वामी, संदीप अग्रवाल , रानू अग्रवाल आदि मौजूद रहे ।
