सेन्ट मेरीज कॉनवेन्ट इण्टर कॉलेज में एस.एम.यू.एन. (SMUN) समागम का हुआ सफल आयोजन

प्रयागराज विद्यालय में SMUN (स्कूल मॉडल यूनाइटेड नेशंस) दो दिवसीय सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
यह दूरदर्शी पहल विद्यालय प्रधानाचार्या आदरणीया सिस्टर लिसी के प्रेरणादायी नेतृत्व एवं समर्पित मार्गदर्शन का साकार स्वरूप है। जिनकी दूरदृष्टि ने इस महत्वाकांक्षी स्वपन को वास्तविकता में परिवर्तित किया।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि विचार-विमर्श, सहयोग एवं शांतिपूर्ण संवाद ही आज की विश्व चुनौतियों का सर्वोत्तम समाधान है।
इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए, जलवायु परिवर्तन, विश्व शांति, मानवाधिकार तथा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने प्रभावशाली वक्तव्य दिए, विचार विमर्श में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट शोध, तार्किक चिंतन और प्रभावी अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि SMC की प्रतिष्ठित पूर्व छात्रा डा० श्रेया पाण्डेय, जो वर्तमान में लखनऊ के विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ के प्लास्टिक एवं पुननिर्माण शल्य चिकित्सा विभाग में रेजिडेंट प्लास्टिक सर्जन के रूप में कार्यरत हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को संवाद, सहिष्णुता एवं शांति का संदेश देते हुए समाज के सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने को प्रेरित किया।
दूसरे दिन विभिन्न समितियों के गहन सत्र आयोजित हुए, जिनमें प्रतिनिधियों ने मॉडरेटेड और अनमॉडरेटेड काकस में भाग लिया। प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया तथा उत्कृष्ट शोध और प्रभावशाली कौशल का प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर लिसी सी.जे. ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उनके व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता तथा अंतर्राष्ट्रीय विषयों की समझ सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन को सफल बनाने में विद्यार्थियों की मेहनत की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मेलन सभी विद्यार्थियों के लिए ज्ञानुवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। बेस्ट के डेलीगेशन ट्राफी व्याज व्याज हाईस्कूल एंड कालेज को मिली।
यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, वैश्विक नागरिकता तथा उत्तरदायित्व की भावना के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय पहल सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम में मैनेजर आदरणीया सिस्टर सुमिता सी.जे., प्रधानाचार्या सिस्टर लिसी सी.जे., उपप्रधानाचार्या सिस्टर नमिता सी.जे., सिस्टर्स एवं सभी विद्यालय के शिक्षकगण की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया।
