सामाजिक समरसता का संदेश लेकर निकलेगी कलश यात्रा: संजय गुप्ता
संत रविदास के 650 वें जयंती वर्ष पर निकलेगी कलश यात्रा

प्रयागराज
संत रविदास के 650 वें जयंती वर्ष के तहत सामाजिक समरसता संकल्प अभियान को लेकर निकाली जाने वाली कलश यात्रा की शुरुआत 31जुलाई शुक्रवार से होगी। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने यात्रा व अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संत रविदास की जन्म स्थली सीर गोवर्धनपुर से एकत्र की गई मिट्टी का कलश सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय से शुक्रवार को प्रातः 10 बजे एक रथ के माध्यम से रवाना किया जाएगा। काशी में ये कलश अभियान के संयोजकों को वितरित किए गए। कलश यात्रा भाजपा प्रयागराज महानगर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों (शहर उत्तरी, दक्षिणी व शहर पश्चिमी) में से प्रत्येक विधानसभा में तीन से चार दिन घूमेगी। इस दौरान कलश यात्रा दलित बस्तियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों की बस्तियों से होकर गुजरेगी। पार्टी कार्यकर्ता पदाधिकारी लोगों से इस दौरान संपर्क भी करेंगे। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि ये कलश यात्रा सामाजिक समरसता का संदेश लेकर निकाली जा रही है। संत रविदास ने पूरे समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया और भाजपा भी उन्हें नमन करते हुए ये संदेश दे रही है। विधानसभा क्षेत्रों में कलश यात्रा 10 अगस्त तक चलेगी। अभियान का संयोजक जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर व सह संयोजक जिला मंत्री सचिन जायसवाल, कंचनलता कुशवाहा, पूजा गौड़ को बनाया गया है।
