अनुचरी सेवा संस्थान का मलिन बस्ती में आजादी के पूर्व संध्या परआजादी का शानदार कार्यक्रम संपन्न
*सभी बच्चों में अभिभावक कोई न कोई एक हुनर (कला) अवश्य विकसित करें——-मुख्य अतिथि रवीन्द्र कुशवाहा*

उजाला शिखर
प्रयागराज। सामाजिक सस्था अनुचरी सेवा संस्थान ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या में करेलाबाग़ गांव के सुब्बन घाट की मलिन बस्ती के समस्त लोगों के साथ आजादी के सांस्कृतिक कार्यक्रम को बहुत धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम का प्रारम्भ अतिथियों स्वागत एवं सम्मान से किया गया। इसके पश्चात बस्ती के बच्चों ने बहुत उत्साह के साथ देशभक्ति के गानों पर नृत्य, गायन एवं भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रोफेसर डॉ संगीता सहगल ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रमों के द्वारा समाज में अच्छा संदेश देते रहें और शिक्षा के क्षेत्र में गरीब बच्चों की मदद करते रहें। मुख्य अतिथि प्रसिद्ध चित्रकार रवीन्द्र कुशवाहा सदस्य राज्य ललित कला अकादमी संस्कृति विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि अपने बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ एक हुनर (कला) अवश्य विकसित करें, जिससे बालक आगे चलकर अपने पैरों पर खड़ा हो और देश का नाम रोशन कर सके। विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता पूर्व इंजीनियर के.के. श्रीवास्तव ने बस्ती वालों को स्वतंत्रता के महत्व को समझाया और बच्चों को निर्भीकता और ईमानदारी का पाठ पढ़ाया। अध्यक्ष वंदना श्रीवास्तव ने बस्ती के लोगों को अपने संदेश में कहा कि हमारे अमर शहीदों ने अपनी जान देकर देश को स्वतंत्रता दिलाई है अब हमें इसे उन्नति के पथ पर ले जाना ही हमारा कर्तव्य है।जिसके लिये हमें मिलजुल कर रहना होगा और एकदूसरे का सहयोग करना होगा जिससे कि सभी आगे बढ़ सकें। जब हम आगे बढ़ेंगे तभी देश भी आगे बढ़ेगा। अंत में उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। सचिव रचना कालानी और कोषाध्यक्ष दीप्ति लोहिया तथा अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग किया। संस्था ने एक गरीब बच्ची को सिलाई मशीन प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन स्वल्पाहार से हुआ। मशहूर कवि शरत श्रीवास्तव सैकड़ों बच्चों एवं अभिभावकों ने आजादी के कार्यक्रम की तालियों की गड़गड़ाहट से सरहना की।
