Sunday, August 16Ujala LIve News
Shadow

स्वतंत्रता दिवस पर शहीद लाल पद्मधर के जीवन पर नाटक का सफल मंचन

स्वतंत्रता दिवस पर शहीद लाल पद्मधर के जीवन पर नाटक का सफल मंचन

प्रयागराज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शाकुन विद्या निकेतन स्कूल में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संगम सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था की ओर से अमर शहीद लाल पद्मधर सिंह के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित नाटक ‘लाल पद्मधर’ का प्रभावशाली एवं सफल मंचन किया गया।

नाटक का निर्देशन सुबोध सिंह जी ने किया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से लाल पद्मधर सिंह के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान, उनके अदम्य साहस और देश के लिए दिए गए बलिदान को जीवंत कर दिया। नाटक के मंचन ने उपस्थित दर्शकों एवं विद्यार्थियों को भावुक करने के साथ-साथ देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण भी किया गया। शाकुन विद्या निकेतन स्कूल तथा संगम सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था के सभी पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण कार्यक्रम में सहभागिता की और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और महान क्रांतिकारियों के योगदान से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

गौरतलब है कि लाल पद्मधर सिंह ने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान प्रयागराज में छात्रों को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और 12 अगस्त 1942 को तिरंगा लेकर आगे बढ़ते हुए अंग्रेजी पुलिस की गोली का सामना किया था।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रशासन एवं संगम सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था के पदाधिकारियों ने सभी कलाकारों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *