अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि : महापौर गणेश केसरवानी
“अटल विचार, अटल संकल्प और अटल राष्ट्रभक्ति—यही भारत के महान सपूत अटल जी की अमर विरासत है।”
प्रेरणा स्थल पर भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर महापौर ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया शत्-शत् नमन

प्रयागराज,
नगर निगम प्रयागराज द्वारा यमुना बैंक रोड स्थित विकसित प्रेरणा स्थल पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं युगद्रष्टा राजनेता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं पार्षदगण के साथ प्रेरणा स्थल पर स्थापित अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, ओजस्वी विचारों और सरल एवं सहज व्यक्तित्व से भारतीय राजनीति में एक ऐसी अमिट छाप छोड़ी, जो सदैव देशवासियों को प्रेरणा देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम न मानकर राष्ट्रसेवा का साधन बनाया। उनके लिए राष्ट्रहित सदैव सर्वोपरि रहा। उन्होंने देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा और विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचारों में लोकतंत्र के प्रति गहरी आस्था, समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की भावना और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण स्पष्ट दिखाई देता था।
महापौर ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व राजनीतिक सीमाओं से कहीं ऊपर था। उनकी वाणी में ओज, विचारों में स्पष्टता और व्यवहार में विनम्रता थी। उन्होंने अपने कृतित्व और विचारों से भारतीय राजनीति को नई दिशा प्रदान की तथा देश के विकास की आधारशिला को मजबूत करने में अमूल्य योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए हम सभी को उनके आदर्शों, सिद्धांतों और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए। अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
यमुना बैंक रोड स्थित प्रेरणा स्थल पर अटल जी की प्रतिमा के समक्ष उपस्थित सभी लोगों ने उनके राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। वातावरण अटल जी के राष्ट्रवादी विचारों और उनके अमर योगदान के स्मरण से भावपूर्ण हो उठा।
इस अवसर पर रणजीत सिंह, गिरि शंकर प्रभाकर, राजेश केसरवानी राजू पाठक, सुनीता चोपड़ा, नर सिंह, राम लोचन साहू, विवेक अग्रवाल, प्रमोद मोदी, श्याम चंद्र हेला, आभा सिंह, मुकेश लारा, दिनेश विश्वकर्मा, रुद्र सेन जायसवाल, राजन शुक्ला, अंगद पटेल, सुभाष चंद्र वैश्य, सनी सोनकर, शलभ जायसवाल सहित पार्टी पदाधिकारीगण, पार्षदगण, देवतुल्य कार्यकर्तागण एवं अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने भारत माता के महान सपूत, युगद्रष्टा राजनेता एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
