Monday, August 31Ujala LIve News
Shadow

रोटरी प्लैटिनम ने वितरित किए 45 से अधिक बड़े छाते, मेहनतकश स्ट्रीट वेंडर्स को मिली धूप-बारिश से राहत

 

रोटरी प्लैटिनम ने वितरित किए 45 से अधिक बड़े छाते, मेहनतकश स्ट्रीट वेंडर्स को मिली धूप-बारिश से राहत

प्रयागराज,
रोटरी प्लैटिनम ने सेवा और सामाजिक सरोकार की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जरूरतमंद स्ट्रीट वेंडर्स को 45 से अधिक बड़े छातों का वितरण किया। तेज धूप और बारिश में खुले आसमान के नीचे अपनी आजीविका चलाने वाले मेहनतकश लोगों को राहत देने के साथ-साथ इस पहल के माध्यम से उनके सम्मान और आजीविका को सहयोग देने का संदेश दिया गया।

सेवा परियोजना की शुरुआत रोटरी प्लैटिनम परिवार के सदस्यों के होटल नवीन कॉन्टिनेंटल में एकत्रित होने से हुई। नाश्ते के पश्चात क्लब के सदस्य सामूहिक रूप से सेवा परियोजना के लिए रवाना हुए और सुभाष चौराहा, कंपनी बाग, ए.जी. ऑफिस चौराहा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर जरूरतमंद स्ट्रीट वेंडर्स को बड़े छाते प्रदान किए।

यह परियोजना रोटरी की सार्वजनिक छवि एवं ब्रांडिंग को ध्यान में रखते हुए आयोजित की गई। वितरित किए गए छातों पर रोटरी की पहचान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया, जिससे सेवा के साथ समाज में रोटरी के सकारात्मक कार्यों का संदेश भी प्रभावी ढंग से पहुंचा।

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी एवं क्लब प्रेसिडेंट रोटेरियन अजय शर्मा ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही रोटरी की वास्तविक सेवा भावना है। उन्होंने क्लब सदस्यों से भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

क्लब सेक्रेटरी रोटेरियन प्रमय मित्तल ने विशेष रूप से नए सदस्यों को क्लब की सेवा परियोजनाओं एवं गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों में सहभागिता से न केवल समाज को लाभ मिलता है, बल्कि सदस्यों के बीच मैत्रीभाव मजबूत होता है और रोटरी की मूल भावना को समझने का अवसर भी मिलता है।

रोटरी प्लैटिनम के मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा कि “रोटरी की पहचान केवल सेवा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मानपूर्वक पहुंचाने में है। सड़क किनारे मेहनत कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को एक छाता देना छोटी पहल लग सकती है, लेकिन उनके लिए यह धूप और बारिश के बीच बड़ी राहत है। हमारा प्रयास है कि ऐसे सेवा कार्यों के माध्यम से रोटरी की ‘स्वयं से पहले सेवा’ की भावना समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और रोटरी की सकारात्मक सार्वजनिक छवि और मजबूत हो।”

इस सेवा परियोजना में लगभग 38 रोटेरियन्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इनमें प्रमुख रूप से रोटेरियन रितेश सिंह, पीयूष रंजन अग्रवाल, संदीप कत्याल, अपूर्वा, संजय तलवार, डॉ. प्रतीक पाण्डेय, ज्योति सिंह, जया मित्तल एवं नेहा जायसवाल सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

45 से अधिक बड़े छातों का यह वितरण रोटरी प्लैटिनम की मेहनतकश वर्ग के सम्मान, आजीविका को सहयोग, समुदाय को सशक्त बनाने और सेवा के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *