Tuesday, September 1Ujala LIve News
Shadow

आर्य समाज चौक की 150वीं जयंती एवं वेद प्रचार सप्ताह पर भव्य आयोजन

आर्य समाज चौक की 150वीं जयंती एवं वेद प्रचार सप्ताह पर भव्य आयोजन


प्रयागराज। महर्षि दयानंद सरस्वती द्वारा स्थापित आर्य समाज चौक की 150वीं जयंती एवं वेद प्रचार सप्ताह के अवसर पर आर्य कन्या इंटर कॉलेज, प्रयागराज के सभागार में हवन-पूजन एवं यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्य समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों एवं शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान आर्य समाज के सिद्धांतों, वैदिक संस्कृति तथा समाज सुधार के क्षेत्र में आर्य समाज द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। हवन एवं यज्ञ का आयोजन कार्यालय से पधारे पं. अशोक कुमार जी द्वारा वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को वैदिक मंत्रों एवं उनके महत्व से अवगत कराया तथा शुभकामनाएँ दीं।
आर्य समाज की इस ऐतिहासिक 150वीं जयंती के अवसर पर आर्य प्रतिनिधि सभा, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के महामंत्री श्री पंकज जायसवाल जी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने महर्षि दयानंद सरस्वती के शिक्षा संबंधी विचारों तथा आर्य समाज द्वारा स्थापित शिक्षा व्यवस्था पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वैदिक शिक्षा, संस्कारयुक्त चरित्र निर्माण एवं महिला शिक्षा के क्षेत्र में महर्षि दयानंद सरस्वती के अथक प्रयासों के फलस्वरूप आर्य समाज द्वारा स्थापित शिक्षण संस्थाएँ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं।
इस अवसर पर प्रोफेसर इमा सिरोठिया, डॉ. रंजना त्रिपाठी एवं डॉ. अर्चना त्रिपाठी के निर्देशन में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने प्रेरणादायी एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विशेष रूप से हवन पर आधारित गीत की प्रस्तुति अत्यंत प्रभावशाली रही।
कार्यक्रम में आर्य कन्या डिग्री कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज एवं आर्य कन्या इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं उत्साह से पूरे सभागार के वातावरण को वैदिक संस्कृति, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत कर दिया। उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर अर्चना पाठक जी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आर्य समाज चौक के प्रधान श्री रविंद्र जी, मंत्री श्री प्रताप नारायण मिश्रा जी सहित आर्य समाज के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की प्रो. इभा सिरोठिया, प्रो नीलांजना जैन, प्रो अंजू श्रीवास्तव, डॉ. अमित पाण्डेय, डॉ. सव्यासांची एवं डॉ. श्यामकांत सहित आर्य कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती नीना प्रजापति, शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समग्र रूप से यह आयोजन महर्षि दयानंद सरस्वती के वैदिक विचारों, आर्य समाज की गौरवशाली परंपरा, शिक्षा, संस्कार एवं समाज सुधार के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने वाला प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम रहा। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को विशेष रूप से सार्थक बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *