सीडीएस में 36वीं रैंक, ओटीए चेन्नई में प्रशिक्षण के बाद आकाश बाजपेई बने लेफ्टिनेंट

कोरांव, प्रयागराज। गोपाल विद्यालय इंटर कॉलेज कोरांव, प्रयागराज की प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष रुद्र नारायण बाजपेई के बड़े पुत्र आकाश बाजपेई ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद प्राप्त कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) में करीब 15 माह का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पांच सितंबर को आयोजित समारोह में उन्हें लेफ्टिनेंट पद से नवाजा गया।
आकाश बाजपेई की प्रारंभिक शिक्षा खागा में नर्सरी से कक्षा तीन तक हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा चार से 12वीं तक की पढ़ाई सिटी मोंटेसरी स्कूल, लखनऊ से पूरी की। स्नातक की शिक्षा उन्होंने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने फ्यूचर फर्स्ट मल्टीनेशनल कंपनी में करीब एक वर्ष तक प्रोजेक्ट ऑफिसर के रूप में कार्य किया।
सेना में जाने के लक्ष्य को लेकर आकाश ने नौकरी से त्यागपत्र देकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित सीडीएस परीक्षा दी। इसमें उन्होंने 36वीं रैंक हासिल की। चयन के बाद उन्होंने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में करीब 15 माह का सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें लेफ्टिनेंट पद प्रदान किया गया।
आकाश के छोटे भाई यश दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन ब्रांच से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके परिवार में भी शिक्षा और प्रशासनिक सेवा से जुड़ी उपलब्धियां रही हैं। उनके दादा उदित नारायण बाजपेई पूर्व में आईटीएस अधिकारी रह चुके हैं, जबकि उनके दादा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राम लखन बाजपेई हैं।
आकाश की इस उपलब्धि पर गोपाल विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद साबिर अली ने बधाई दी। विद्यालय की प्रबंध समिति एवं शिक्षकों में भी खुशी का माहौल है। गोविन्द मिश्रा, राकेश कुमार सिंह, डॉ. कमलेश त्रिपाठी, बृजेश श्रीवास्तव, अखिलेश पांडेय, बालमुकुंद मिश्रा, कमलेश मीना समेत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आकाश बाजपेई को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
