Sunday, September 6Ujala LIve News
Shadow

151 उत्कृष्ट TET उत्तीर्ण शिक्षकों का हुआ सम्मान शिक्षक उन्नयन संगोष्ठी में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षक हितों पर हुआ मंथन

151 उत्कृष्ट TET उत्तीर्ण शिक्षकों का हुआ सम्मान

शिक्षक उन्नयन संगोष्ठी में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षक हितों पर हुआ मंथन


उजाला शिखर

जसरा, प्रयागराज। शिक्षक दिवस के अवसर पर वैचारिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में शिक्षक उन्नयन संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन जसरा स्थित रस्तोगी नर्सिंग होम के कॉमन हॉल में किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों की भूमिका, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार तथा शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक वाचस्पति रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. डीके सिंह, वैचारिक शिक्षक संघ की संरक्षक श्रीमती सुनीता सिंह, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह, प्रांतीय महामंत्री दिनेश वर्मा तथा अपना दल एस यमुनापार के जिलाध्यक्ष राम मनोहर लाल मौजूद रहे।
समारोह के दौरान क्षेत्र के 151 उत्कृष्ट TET उत्तीर्ण शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्रम, दीवार घड़ी एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे पर खुशी नजर आई। आयोजकों ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान को प्रोत्साहित करने से शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। कार्यक्रम में अपना दल एस के विधानसभा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और गांवों से पहुंचे गणमान्य नागरिकों को भी अंगवस्त्रम, दीवार घड़ी एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मजबूत करने, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया। इस अवसर पर वैचारिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह, प्रांतीय महामंत्री दिनेश वर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष लालमणि पटेल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह समेत संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष रमाकांत सिंह ने किया।
समारोह के अंत में संगठन की ओर से शिक्षक हितों की आवाज को मजबूती से उठाने तथा शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *