*शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. अनंत सिंह जेलियाँग को मिला ‘नेशन बिल्डर अवॉर्ड’*

प्रयागराज। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सीएमपी पीजी कॉलेज, प्रयागराज के समाजशास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. अनंत सिंह जैलियांग को रोटरी इलाहाबाद साउथ की ओर से प्रतिष्ठित ‘नेशन बिल्डर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रोटरी इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 3120 के सत्र 2026-27 के अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अनंत सिंह जैलियांग समाजशास्त्र के शिक्षक एवं शिक्षाविद के रूप में लंबे समय से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अध्यापन के साथ वे विद्यार्थियों में सामाजिक समझ, तार्किक दृष्टिकोण, संवेदनशीलता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने पर विशेष जोर देते हैं। समाजशास्त्र जैसे विषय को वे केवल अकादमिक अध्ययन तक सीमित न रखते हुए उसे समकालीन सामाजिक मुद्दों और समाज में हो रहे बदलावों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हैं।
शिक्षा, युवाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर उनकी सक्रियता उन्हें विद्यार्थियों के बीच एक लोकप्रिय शिक्षक के रूप में स्थापित करती है। कक्षा में संवादात्मक एवं विचारोत्तेजक शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक घटनाओं को आलोचनात्मक दृष्टि से समझने तथा अपने विचार स्वतंत्र रूप से रखने के लिए प्रेरित करना उनके शैक्षणिक कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
‘नेशन बिल्डर अवॉर्ड’ प्राप्त होने पर डॉ. जैलियांग ने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, दृष्टिकोण और सामाजिक चेतना के निर्माण में भी शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिकों का निर्माण ही वास्तविक राष्ट्र निर्माण की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने इस सम्मान के लिए रोटरी इलाहाबाद साउथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान शिक्षकों और शिक्षाविदों को शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
