पंडित शिव दर्शन पांडेय की माताजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे जनप्रतिनिधि

उजाला शिखर
कोरांव, प्रयागराज। कोरांव विधानसभा क्षेत्र के साजी निवासी एवं अत्यंत सम्मानित पंडित शिव दर्शन पांडेय की पूज्य माताजी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त होने पर जनप्रतिनिधि उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत पुण्यात्मा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उन्होंने परिजनों से बातचीत कर इस दुःख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि माता का निधन परिवार के लिए कभी न भर पाने वाली अपूरणीय क्षति है। इस कठिन समय में पूरी संवेदना के साथ शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा रहना ही सच्ची मानवीय संवेदना है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रभु पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और परिवारजनों को इस गहरे दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य दें।
उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में परिजनों का दुख बांटना और उनके साथ खड़ा होना हम सभी का दायित्व है। मुलाकात के दौरान माहौल भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर करुणेंद्र श्रीवास्तव, उत्तम दुबे, सियादीन सिंह, अमित कुमार सिंह, चंद्र बहादुर सिंह, गोरेलाल मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
