नवागंतुक तहसीलदार अनिल कुमार यादव ने संभाला कार्यभार

उजाला शिखर
कोरांव, प्रयागराज। तहसील कोरांव में नवागंतुक तहसीलदार श्री अनिल कुमार यादव ने सोमवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए राजस्व संबंधी कार्यों और विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली। नवागंतुक तहसीलदार ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप राजस्व मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि तहसील में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और नियमानुसार उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना और राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। तहसील कार्यालय में अनावश्यक रूप से किसी भी फरियादी को परेशान न होना पड़े, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। तहसीलदार के कार्यभार ग्रहण करने पर तहसील के कर्मचारियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने उनका स्वागत करते हुए बेहतर प्रशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद जताई।
