भोगन में चार सूत्रीय मांगों को लेकर युवाओं का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू
बेलन नदी पर पुल निर्माण समेत विद्युत उपकेंद्र, गौशाला विस्थापन और बाढ़ पीड़ितों के मुआवजे की उठी मांग

उजाला शिखर
कोरांव, प्रयागराज। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भोगन गांव में युवाओं ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे बेलन नदी पुल के समीप हनुमान मंदिर परिसर में युवाओं ने धरना देते हुए प्रशासन के समक्ष अपनी चार प्रमुख मांगें रखीं।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में बेलन नदी पर पुल का नव निर्माण, बढ़ोखर में विद्युत उपकेंद्र की स्थापना, बाढ़ प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा तथा बढ़ोखर स्थित गौशाला के विस्थापन की मांग शामिल है। युवाओं का कहना है कि इन समस्याओं के चलते क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन कई बार मांग उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। भूख हड़ताल पर बैठे युवाओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से ठोस पहल नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि बेलन नदी पर पुल बनने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी, वहीं विद्युत उपकेंद्र की स्थापना से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में भी सुधार की उम्मीद है।
इसी तरह बाढ़ से प्रभावित परिवारों को मुआवजा और गौशाला के विस्थापन की मांग भी स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण बताई जा रही है। आंदोलन को लेकर प्रशासन की गतिविधियों पर भी ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।
नेतृत्व: भूख हड़ताल का नेतृत्व नवनीत पांडेय कर रहे हैं। आंदोलन में क्षेत्र के कई युवा और स्थानीय लोग शामिल हैं।
