Sunday, September 20Ujala LIve News
Shadow

सीताराम के जयकारे से गूंजा पीवीआर,चार दिन में 25 हजार लोगों ने देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’

सीताराम के जयकारे से गूंजा पीवीआर,चार दिन में 25 हजार लोगों ने देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’

*बड़ी संख्या में वृद्ध एवं बुजुर्ग भी पहुंचे पीवीआर, भक्ति और राष्ट्रभावना से ओतप्रोत रहा माहौल*

*कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने 17 से 20 सितंबर तक लोगों को निःशुल्क दिखाई फिल्म

प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित पीवीआर में 17 से 20 सितंबर तक लोगों को फिल्म ‘हनुमान अंश’ निःशुल्क दिखाई गई। चार दिनों तक चले इस विशेष आयोजन में करीब 25 हजार लोगों ने फिल्म का आनंद लिया।

फिल्म देखने के लिए पीवीआर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। युवाओं और महिलाओं के साथ ही बड़ी संख्या में वृद्ध एवं बुजुर्ग भी फिल्म देखने पहुंचे। पीवीआर परिसर में फिल्म शुरू होने से पहले और फिल्म के दौरान धार्मिक एवं भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिला। कई अवसरों पर दर्शकों ने ‘सीताराम’ और ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाए, जिससे पूरा पीवीआर परिसर भक्तिमय हो उठा।

फिल्म ‘हनुमान अंश’ भगवान हनुमान के अनन्य भक्त एवं संत बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व से जुड़े प्रसंगों पर आधारित है। फिल्म के माध्यम से दर्शकों को भक्ति, सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का संदेश मिला। विशेष रूप से बुजुर्ग दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने आयोजन की सराहना की।

मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा एवं जनसरोकार से जोड़ते हुए 17 से 20 सितंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पीवीआर सिविल लाइंस में फिल्म ‘हनुमान अंश’ का निःशुल्क प्रदर्शन कराया गया। आयोजन में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख सहित बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए।

चार दिनों के दौरान पीवीआर पहुंचने वाले दर्शकों ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और संतों के जीवन से परिचित होने का अवसर मिलता है। वहीं, बुजुर्गों ने भी परिवार के साथ फिल्म देखने को सुखद अनुभव बताया।

फिल्म के प्रदर्शन के दौरान पीवीआर परिसर में पूरे समय उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। फिल्म समाप्त होने के बाद भी दर्शकों के बीच इसके प्रसंगों और संदेश को लेकर चर्चा होती रही। ‘सीताराम’ के जयकारों से गूंजता पीवीआर परिसर चार दिनों तक श्रद्धा, भक्ति और सेवा संकल्प का साक्षी बना रहा।

*फिल्म ‘हनुमान अंश’ प्रेरणादायक, भक्ति और सेवा का देती है संदेश:नन्दी*

औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, आध्यात्मिक विचारों और मानव सेवा के संदेश को केंद्र में रखकर बनाई गई फिल्म ‘हनुमान अंश’ दर्शकों के लिए प्रेरणादायक साबित हो रही है। फिल्म में भक्ति, सेवा, समर्पण, करुणा और मानवता जैसे मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

दर्शकों का कहना था कि फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में सेवा, सद्भाव, आस्था और मानव कल्याण के महत्व को समझने की प्रेरणा देती है। विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए फिल्म में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिखाई देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *