मंत्रालय के 415 कर्मचारियों का फेशियल रिकग्निशन एक्सेस बंद
मंत्रियों के चहेते बाबुओं पर प्रशासन ने कसी नकेल
मुंबई श्रीकेश चौबे:- मंत्रालय के उन 415 अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए फेशियल रिकग्निशन एक्सेस सुविधा बंद कर दी गई है, जो मंत्रियों के कार्यालयों में मौखिक आदेशों और ‘डेपुटेशन जैसी’ व्यवस्था (मुख्यमंत्री सचिवालय की औपचारिक मंजूरी के बिना) के तहत काम कर रहे थे।
गृह विभाग ने मंत्रालय के पहचान पत्र नंबरों के आधार पर यह कार्रवाई की। वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग ने संबंधित लोगों के पहचान पत्र जमा कर लिए हैं।
मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने मंत्रियों
के कार्यालयों में ऐसी अनौपचारिक डेपुटेशन व्यवस्था और मौखिक आदेशों के जरिए काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्तियां रद्द करने के संबंध में एक सर्कुलर जारी किया था। सरकारी नियमों में ऐसी अनौपचारिक डेपुटेशन या मौखिक निर्देशों के जरिए कर्मचारियों की नियुक्ति का कोई प्रावधान नहीं है। हालांकि, मुख्य सचिव के ध्यान में यह बात आई थी कि कई कर्मचारी नियमों का उल्लंघन करते हुए मंत्रियों के कार्यालयों में काम कर रहे थे, जिससे उनके मूल विभागों के कामकाज पर असर पड़ रहा था।
