‘आंगन उत्सव’ में गूंजा शिक्षा और संस्कार का संदेश, बच्चों को बांटे स्कूल बैग

प्रयागराज। सिविल लाइन्स मंडल के म्योराबाद स्थित आंगनवाड़ी केंद्र नयापुरा द्वितीय एवं तृतीय में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘आंगन उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ कीर्तिका अग्रवाल प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने आंगनवाड़ी केंद्र की समर्पित कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि आंगनवाड़ी प्रत्येक बच्चे के जीवन की पहली पाठशाला है, जहाँ शिक्षा, संस्कार और बेहतर भविष्य की नींव रखी जाती है। बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनवाड़ी केंद्रों और कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ‘आंगन उत्सव’ का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके प्रारंभिक विकास और कल्याण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रिया कैथवास, स्नेहा गुप्ता सुधा यादव, सूर्यकान्त त्रिपाठी व अन्य लोग उपस्थित रहें ।

