Wednesday, October 7Ujala LIve News
Shadow

सी के नायडू अंडर19 क्रिकेट ट्रायल में 52 खिलाड़ियों ने आजमाया दम

सी के नायडू अंडर19 क्रिकेट ट्रायल में 52 खिलाड़ियों ने आजमाया दम
डॉ. केएन काटजू इंटर कॉलेज में हुआ उद्घाटन, स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट ग्राउंड पर दो राउंड में खिलाड़ियों की परख

प्रयागराज। डॉ. केएन काटजू इंटर कॉलेज एवं स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट ग्राउंड पर बुधवार को सी के नायडू अंडर-19 क्रिकेट ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल का उद्घाटन डॉ. के एन काटजू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राम नयन द्विवेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए सभी खिलाड़ियों का भविष्य उज्ज्वल हो, यही उनकी कामना है। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी चयनित होगा, वह अपनी मेहनत से शीर्ष स्तर तक पहुंचेगा, जबकि चयन से वंचित रहने वाले खिलाड़ी निराश न हों और अगले वर्ष और मजबूती के साथ तैयारी कर दोबारा ट्रायल में हिस्सा लें।

खिलाड़ियों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट ग्राउंड पर दो राउंड में करीब 52 खिलाड़ियों का ट्रायल कराया गया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की प्रतिभा, तकनीक और प्रदर्शन को अलग-अलग स्तरों पर परखा गया।

विद्यालय की ओर से आयोजित सी के नायडू अंडर-19 क्रिकेट ट्रायल में सचिव एवं चयनकर्ता अजय सिंह यादव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया। उन्होंने विभिन्न मानकों पर खिलाड़ियों की क्षमता को परखा और उनके प्रदर्शन का अवलोकन किया।
अजय सिंह यादव ने बताया कि ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बारीकी से देख लिया गया है। जिन खिलाड़ियों के आवश्यक दस्तावेज अभी जमा नहीं हो पाए हैं, उन्हें 8 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे अपने अपूर्ण दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय तक यदि किसी खिलाड़ी द्वारा आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं किए जाते हैं, तो घोषित की जाने वाली सी के नायडू अंडर-19 बालक वर्ग की टीम में उसके चयन पर विचार नहीं किया जाएगा।
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों में चयन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *