21 हजार दीपों की आभा से दमक उठा संगम,जय त्रिवेणी जय प्रयाग सेवा समिति का भव्य आयोजन
जय त्रिवेणी जय प्रयाग सेवा समिति ने रंगोली, महाआरती व आतिशबाजी से सजाया तट

प्रयागराज। देव दीपावली एवं गुरुनानक जयंती के पावन अवसर पर जय त्रिवेणी जय प्रयाग आरती समिति के तत्वावधान में जय त्रिवेणी जय प्रयाग महाआरती परिसर में इक्कीस हजार दीपों के दीपदान के साथ रंगोली प्रतियोगिता, भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आतिशबाजी एवं महाभोग प्रसाद वितरण का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महंत यमुनापुरी महाराज के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं रंगोली प्रतियोगिता से हुई। इस अवसर पर अतिथि के रूप में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पंडित नीरज त्रिपाठी, शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, वरिष्ठ आईपीएस पंकज पांडेय, कविता यादव त्रिपाठी तथा रौनक गुप्ता उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन के उपरांत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को समिति के अध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने मोमेंटो, अंगवस्त्र एवं समिति का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के बाद भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा रंगबिरंगी आतिशबाजी का आयोजन हुआ, जिसने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया। अंत में भव्य महाआरती के साथ श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद का वितरण किया गया।
समिति के अध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने बताया कि जय त्रिवेणी जय प्रयाग आरती समिति द्वारा हर साल देव दीपावली के अवसर पर इसी तरह दीपदान करके रंगोली प्रतियोगिता, भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन धूमधाम से किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को मजबूती मिलती है तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने आए हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
