Wednesday, November 25Ujala LIve News
Shadow

परमार्थ त्रिवेणी पुष्प में भव्य देव दीपावली महोत्सव संपन्न, 51,000 दीपों से आलोकित हुआ गंगा तट

परमार्थ त्रिवेणी पुष्प में भव्य देव दीपावली महोत्सव संपन्न, 51,000 दीपों से आलोकित हुआ गंगा तट

न्यायाधीश रविंद्र अग्रवाल ने किया शुभारंभ एवं दीप प्रज्ज्वलन

दिव्य गंगा आरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

प्रयागराज। तीर्थराज प्रयागराज की पावन धरती पर कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर परमार्थ त्रिवेणी पुष्प, नया अरैल घाट में भव्य देव दीपावली महोत्सव 2026 का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। परमार्थ त्रिवेणी पुष्प द्वारा आयोजित इस दिव्य महोत्सव में 51,000 दीपों के भव्य प्रज्ज्वलन एवं दीपदान से गंगा तट जगमगा उठा। दिव्य गंगा आरती और सांस्कृतिक संध्या ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायाधीश रविंद्र अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विजय धूल, योगेश शुक्ला, पार्षद प्रदीप मेहरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
देव दीपावली के पावन अवसर पर गंगा तट पर दीपों की भव्य श्रृंखला ने अद्भुत आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया। 51,000 दीपों के प्रज्ज्वलन एवं दीपदान के साथ माँ गंगा के पावन तट को आलोकित किया गया। इसके पश्चात दिव्य गंगा आरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता की और माँ गंगा से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
सायं आयोजित सांस्कृतिक संध्या में शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य एवं भजन-गायन की मनोहारी प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने देव दीपावली को भारतीय संस्कृति, आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सद्भाव का महापर्व बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
परमार्थ त्रिवेणी पुष्प के इस आयोजन ने संगम नगरी प्रयागराज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध किया। दीपों की दिव्य आभा, गंगा आरती और भक्तिमय वातावरण के बीच देव दीपावली महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *