उत्तर-मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र एवं कनकधारा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी प्रस्तुतिपरक नृत्य एवं संगीत कार्यशाला
प्रयागराज। अवध की पारंपरिक विवाह रस्मों और लोकगीतों को संरक्षित करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं कनकधारा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में 29 नवंबर से आठ दिवसीय प्रस्तुतिपरक नृत्य एवं संगीत कार्यशाला आयोजित की जाएगी। छह दिसंबर तक चलने वाली यह कार्यशाला सांस्कृतिक केंद्र परिसर में प्रतिदिन दोपहर एक से शाम चार बजे तक होगी।
कार्यशाला में अवध की उन पारंपरिक विवाह रस्मों और लोकगीतों को फिर से जीवंत करने का प्रयास किया जाएगा, जो बदलते समय और आधुनिक विवाह आयोजनों के कारण धीरे-धीरे चलन से बाहर होते जा रहे हैं। इसमें बन्ना-बन्नी, मंगलगीत, सुहाग, मटमंगरा, द्वारपूजा, परछन और गारी जैसी पारंपरिक रस्मों से जुड़े गीतों और उनकी प्रस्तुति शैली की जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला में केवल लोकगीतों का गायन ही नहीं होगा, बल्कि विवाह की पारंपरिक रस्मों को नृत्य और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से भी मंच पर जीवंत किया जाएगा। इसके लिए विशेष नृत्य मंडली को भी शामिल किया गया है। संगीत, गायन और नृत्य के माध्यम से प्रतिभागियों को अवध की विवाह परंपराओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
केंद्र उपनिदेशक डॉ. मुकेश उपाध्याय एवं कनकधारा संस्था की अध्यक्ष एवं कार्यशाला संयोजक स्वाती निरखी ने बताया कि संस्था का प्रयास लोकसंस्कृति को केवल आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय उसे सीखने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का है। विवाह गीतों में लोकभाषा, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक परंपराओं की झलक मिलती है। इन परंपराओं को संरक्षित करने के लिए प्रशिक्षण और मंचीय प्रस्तुति जरूरी है।
कार्यशाला का समापन पर राष्ट्रीय शिल्प मेले में छह दिसंबर को विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ होगा, जिसमें प्रतिभागी प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई विवाह रस्मों, लोकगीतों और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे।
