गधेरी में गोवर्धन पूजन महोत्सव का भव्य आयोजन, अहीर नृत्य और पारंपरिक खेलों ने बांधा समां

जबलपुर। उमा शंकर मिश्रा
दीपावली के पावन अवसर पर भाई दूज के दिन ग्राम गधेरी में पारंपरिक उल्लास और धार्मिक आस्था के साथ गोवर्धन पूजन महोत्सव का आयोजन किया गया। यादव समाज द्वारा वर्षों से चली आ रही इस प्राचीन परंपरा में इस वर्ष भी ग्रामीणों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन ग्राम के खिरका प्रांगण में संपन्न हुआ, जहाँ गौ माता और उनके बछड़ों को खिरका (खाद्य सामग्री) खिलाने की परंपरा निभाई गई।
कार्यक्रम संयोजक रामकुमार यादव “बड़डा”, जिला अध्यक्ष यादव महासभा, ने बताया कि ग्रामवासी हर वर्ष की तरह इस दिन गौ पूजा कर भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने की लीला का स्मरण करते हैं। इस अवसर पर ग्राम की ग्वालटोली और स्थानीय कलाकारों द्वारा मनमोहक अहीर नृत्य, दीवाली गीत, लाठी खेल और पटा भनोटी जैसे पारंपरिक प्रदर्शन किए गए, जिनसे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गिलासी राम यादव, भैयन यादव, सीताराम यादव, पूर्व सरपंच विजय यादव, संभाग अध्यक्ष विनय यादव, चैन सिंह यादव, मूलचंद यादव, बालबोध यादव, रंजन यादव, रममू यादव, श्यामलाल यादव, चंदू यादव, शंकु यादव, टीटू यादव, बबल यादव, गौतम यादव, मोहन यादव, भाईलाल यादव, राजेश यादव, वकील यादव, कोमल यादव, भग्गा यादव, विक्की यादव सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कृष्णकांत दीक्षित “राजा भैया” एवं कदम संस्था के कलाकारों ने आकर्षक नृत्य व गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसमें संयोजक रामकुमार यादव “बड़डा” ने सभी ग्रामवासियों एवं अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
गधेरी का यह गोवर्धन पूजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज की एकता और संस्कृति के संरक्षण का भी जीवंत उदाहरण बन गया है।
