Tuesday, February 3Ujala LIve News
Shadow

हिंदी ओलंपियाड प्रतियोगिता में शांभवी मालवीय ने जीता हिंदी बाल श्रेष्ठ सम्मान

हिंदी ओलंपियाड प्रतियोगिता में शांभवी मालवीय ने जीता हिंदी बाल श्रेष्ठ सम्मान

दिल्ली में हुई पुरस्कृत मिला स्वर्ण पदक

प्रयागराज।
हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं विद्यार्थियों में भाषाई दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से हिंदी विकास संस्थान, दिल्ली द्वारा आयोजित हिंदी ओलंपियाड प्रतियोगिता का आयोजन इवनिंग क्रिश्चियन पब्लिक स्कूल, प्रयागराज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शैक्षणिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिता के आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीत लाल का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन हेतु अनुमति प्रदान कर पूर्ण सहयोग दिया।
हिंदी ओलंपियाड के लिए विद्यालय की हिंदी विषय की अध्यापिकाओं — पूर्णिमा शुक्ला, रेणुका जॉन, यम लुका सहित अन्य शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया एवं प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रेरित किया। प्रतियोगिता में कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय से कुल 18 विद्यार्थियों ने हिंदी ओलंपियाड में भाग लेकर अपनी हिंदी भाषा संबंधी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 12वीं (बायोलॉजी स्ट्रीम) की छात्रा शांभवी मालवीय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हिंदी बाल श्रेष्ठ सम्मान प्राप्त किया तथा स्वर्ण पदक विजेता बनने का गौरव हासिल किया। विज्ञान वर्ग की छात्रा होते हुए भी हिंदी विषय में इस प्रकार की उपलब्धि ने सभी को प्रभावित किया और यह सिद्ध किया कि हिंदी भाषा सभी विषयों के विद्यार्थियों के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण है।
इसके अतिरिक्त विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों — जैनब हुसैन, अणिमा पांडेय, स्तुति जायसवाल सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। हिंदी विकास संस्थान, दिल्ली की ओर से जानकारी दी गई कि विद्यार्थियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर रजत (सिल्वर) एवं कांस्य (ब्रॉन्ज) पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
हिंदी विकास संस्थान, दिल्ली द्वारा यह भी बताया गया कि चयनित विद्यार्थियों को उनके सम्मान एवं पदक 30 जनवरी को नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय (तीन मूर्ति भवन) में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किए गए। इस सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कैलाश जाधव उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पीयूष कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा शांभवी मालवीय को हिंदी बाल श्रेष्ठ सम्मान एवं स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
शांभवी मालवीय की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय के अध्यापकों, शिक्षिकाओं एवं विद्यालय प्रशासन ने उन्हें हार्दिक बधाइयाँ दीं तथा अन्य सफल विद्यार्थियों को भी शुभकामनाएँ दीं। परिवार में भी खुशी का माहौल देखने को मिला। शांभवी की माता निधि मालवीय एवं पिता दीपक मालवीय ने बेटी की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन का आभार प्रकट किया।
परिवार के अन्य सदस्यों  नानी मधुरी मालवीय, मामी प्रियंका मालवीय, चाचा विशाल मालवीय, दादी विनोद मालवीय, बाबा ज्ञानेन्द्र मालवीय, मामा आलोक मालवीय एवं मौसी नेहा मालवीय ने शांभवी की इस सफलता को उसकी मेहनत, अनुशासन एवं शिक्षकों के समुचित मार्गदर्शन का परिणाम बताया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर शांभवी की बहनें  सृष्टि मालवीय, श्रेष्ठा मालवीय, अक्षिता मालवीय एवं अदिति मालवीय तथा भाई अनिकेत मालवीय ने भी उसे हार्दिक बधाइयाँ दीं और आगे भी इसी प्रकार सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएँ दीं।
विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, भाषा-प्रेम, बौद्धिक विकास एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देती हैं। हिंदी ओलंपियाड में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि आज की युवा पीढ़ी हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति जागरूक और संवेदनशील है। अंत में विद्यालय की ओर से यह आशा व्यक्त की गई कि भविष्य में भी विद्यार्थी इसी प्रकार शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यालय, परिवार और समाज का नाम रोशन करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *