महाशिवरात्रि के पर्व पर रुद्राभिषेक करे

संपूर्णा नन्द ब्रह्मचारी
रूद्र अभिषेक का अर्थ
रुद्र भगवान शिव का एक प्रसिद्ध नाम है। रुद्राभिषेक में शिवलिंग को पवित्र स्नान कराकर पूजा और अर्चना की जाती है। यह हिंदू धर्म में पूजा के सबसे शक्तिशाली रूपों में से एक है और माना जाता है कि इससे भक्तों को समृद्धि और शांति के साथ आशीर्वाद मिलता और कई जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं। शिव को अत्यंत उदार भगवान माना जाता है और यह आसानी से प्रसन्न हो जाते हैं।
*रुद्राभिषेक क्यूँ करें ?*
रुद्राभिषेक मुख्य रूप से मनुष्य अपने सभी दुखों से मुक्ति पाने के लिए करते हैं। रूद्र अवतार शिव का विधि पूर्वक अभिषेक करने से मनुष्यों को उसके सभी प्रकार के कष्टों से मुक्ति मिल जाती है। शास्त्रों में लिखा है “रुतम्-दु:खम्, द्रावयति-नाशयतीतिरुद्र:” यानि कि शिव सभी दुखों को हरकर उनका नाश कर देते हैं। ऐसी मान्यता है कि कुंडली में मौजूद महापातक या अशुभ दोष भी शिव जी का रुद्राभिषेक करने से दूर हो जाते हैं। रुद्राभिषेक कर शिव जी के द्वारा शुभ आशीर्वाद तथा मनवांछित फल प्राप्त किया जा सकता है। इसके द्वारा व्यक्ति कम समय में ही अपने सभी मनोकामनाओं की पूर्ती कर सकता है। पुत्रप्राप्ति , धनप्राप्ति , सुखप्राप्ति , शांतिप्राप्ति के लिए रुद्राभिषेक किया जाता हैं ।
*कब करें रुद्राभिषेक ?*
वैसे तो भगवान जी की आराधना हररोज़ होनी चाहिए विशेष रूप से श्रावण मास , सोमवार , प्रदोष , शनिवार , अमावस्या , पूर्णिमा , शिवरात्रि , महाशिवरात्रि के दिनो में महत्व बताया गया हैं।
*रुद्राभिषेक किस पदार्थ से करें ?*
1. सुखशांति के प्राप्ति के लिए जल से रुद्रभिषेक कराएं ।
2. मन की इच्छा पूर्ति के लिए पंचामृत से रुद्राभिषेक कराएं ।
3. धन-संपदा की वृद्धि के लिए शहद और घी से रुद्राभिषेक कराएं।
4. पुत्र रत्न की प्राप्ति के लिए दूध से रुद्राभिषेक होता है।
5. जल से रुद्राभिषेक करने से बारिश होती है।
6. शत्रुओं पर विजय के लिए सरसों के तेल से रुद्राभिषेक होता है।
7. आरोग्य जीवन प्राप्त करने के लिए गाय के दूध और घी से रुद्राभिषेक कराया जाता है।
8. मोक्ष की प्राप्ति के लिए किसी तीर्थ के जल से रुद्राभिषेक कराते हैं।
9. घर, वाहन आदि की कामना पूर्ति के लिए दही से रुद्राभिषेक होता है।
10. ज्ञान और बुद्धि की प्राप्ति के लिए शक्कर युक्त दूध से रुद्राभिषेक कराया जाता है।
11. असाध्य रोगों से निवारण तथा उत्तम आरोग्य के लिए कुशोदक से रुद्राभिषेक कराएं।
12. धन-संपत्ति की प्राप्ति के लिए फल के रस से रुद्राभिषेक होता है
