हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में पूनम संत महिला एवं विकास समिति के द्वारा निकाली गई भव्य शोभा यात्रा

प्रयागराज हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर पूनम संत महिला एवं विकास समिति के द्वारा एक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस भव्य शोभा यात्रा में घोड़े, हाथी एवं ऊंट पर सवार होकर भगवा ध्वज एवं राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए यात्रा का शुभारंभ किया गया, जिससे पूरा वातावरण धर्ममय एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
शोभा यात्रा का शुभारंभ एवं अध्यक्षता संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्षा पूनम संत के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य महामंडलेश्वर कौशल्यानंद गिरी विशेष रूप से उपस्थित रहीं । इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्षा पूनम संत ने हिंदू नववर्ष के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा समाज को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जुड़े रहने का संदेश दिया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि कौशल्यानंद गिरी ने अपने आशीर्वचन प्रदान किए।
शोभा यात्रा में संस्था की सखियों ने विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर दांडिया नृत्य प्रस्तुत करते हुए यात्रा में सहभागिता की। इसके साथ ही घंटी बजाते हुए एवं शंखनाद करते हुए सखियों ने पूरे वातावरण को अलौकिक और भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति द्वारा विशाल प्रभु के नेतृत्व में हरे कृष्ण महामंत्र एवं भजनों के साथ यात्रा को एक विशेष आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया गया।
इस शोभा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में संस्था के पदाधिकारी एवं सखियां उपस्थित रहीं। यह भव्य शोभा यात्रा पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रही और हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में समाज को एकता, संस्कृति एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश देने में सफल रही।
