भगवान महावीर जयंती समारोह का हुआ भव्य आयोजन

भगवान महावीर का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम के साथ महावीर जयंती के रूप में प्रयागराज जैन समाज द्वारा मनाया गया। इस महोत्सव का आयोजन श्री दिगम्बर जैन पंचायती सभा प्रयाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूरे प्रयागराज नगर तथा आस-पास के क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रीतम नगर,बेनीगंज,कटरा,नैनी,जीरोरोड के सभी धर्मानुरागी बन्धु जीरोरोड में आयोजित दिन भर चलने वाले आयोजनों में भाग लेते हैं। सुबह 5 बजे से जीरोरोड जैन मंदिर से प्रभात फेरी के साथ ही कार्यक्रमों का शुभारम्भ होता है। इसके बाद दिगम्बर जैन पंचायती सभा के अध्यक्ष श्री दिनेश कुमार जैन तथा समिति के अन्य पदाधिकारियों और संयोजकमण्डल के कार्यकर्ताओं के साथ श्री राजीव जैन नैनी तथा समाज के गणमान्य लोगों द्वारा जैन धर्मशाला में ध्वजारोहण के साथ आयोजन का विधिवत शुभारम्भ हुआ।
जीरोरोड जैन मंदिर से भगवान महावीर के जन्मोत्सव की विशाल शोभायात्रा निकली, जिसमें पर भगवान महावीर को लेकर श्री के.के. अग्रवाल जैन रथ पर चले।
इन सभी सौभाग्यवान श्रेष्ठीजनों ने भगवान महावीर की प्रतिमा को श्री मंदिर जी से नालकी में लेकर रथ पर विराजमान किया, सौधर्म इन्द्र भगवान को लेकर रथ पर स्थित सिंहासन पर विराजमान किया तथा अन्य चार ईशान, महेन्द्र, सानतकुमार एवं ब्रह्म इन्द्र भगवान पर चंवर ढुलाते हुए रथ पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए। इन सभी के साथ रथ पर कुबेर इन्द्र का सौभाग्य श्री अजय कुमार जैन वरिष्ठ एडवोकेट हाईकोर्ट को प्राप्त हुआ। जो रथ पर सवार होकर रास्ते भर रत्न की वर्षा करते हुए रथ यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे।
प्रयागराज के महापौर श्री उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी जी ने भगवान की आरती की और शोभायात्रा में शामिल हुए।
श्री दिनेश कुमार जैन एवं उनकी श्रीमती जी भगवान के माता पिता के वेश में अलग बग्गी में चल रहे थे। रथ यात्रा में काफी संख्या में एक तरह की साड़ियों में महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे तथा धर्मानुरागी लोगों ने भाग लिया। अनेक प्रकार के बैंड, झांकी आदि शामिल थे जिसमें सबसे आकर्षण का केन्द्र रहा जैन विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों का बैंड, जिनकी प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
जुलूस के पूरे मार्ग में लोगों ने अपने घरों या संस्थान पर जुलूस का स्वागत सत्कार किया तथा रथ पर विराजमान भगवान की आरती कर अपनी भक्ति प्रदर्शित किया।
रथयात्रा के वापस होने पर जैन धर्मशाला में सोने व चांदी के 108 कलशों से महावीर भगवान का अभिषेक किया गया। आज युद्ध के माहौल में विश्व में व्याप्त अशांति एवं डर के माहौल में विश्वशांति तथा मानवजात के साथ जीवमात्र के कल्याण की भावना से बृहत शांतिधारा की गयी तथा बालक रूप भगवान वर्धमान का पालना व बधाई गीत आदि का कार्यक्रम हुआ।
सायंकाल जैन विद्यालय के विद्यार्थियों और महिला मण्डल प्रयागराज द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। जैन मिलन प्रयाग द्वारा सभी के लिए ठंडे पेय पदार्थ की व्यवस्था की गयी। आयोजन में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक प्रीति भोज का भी समुचित व्यवस्था भी जैन धर्मशाला में की गयी थी और जीरोरोड जैन मंदिर के बाहर पूरे दिन भण्डारा भी चलाया गया।
इस शोभायात्रा में प्रमुख रूप से पंचायती सभा के अध्यक्ष श्री दिनेश कुमार जैन, महामंत्री श्री राजेश जैन, निर्मल जैन,जैन मिलन के क्षेत्रीय कार्याध्यक्ष एवं संरक्षक श्री प्रद्युम्न कुमार जैन, आयोजन के संयोजक विकास जैन, अहिंसा रैली संयोजक श्री राकेश जैन ( भा.ज.पा. प्रीतम नगर),अरुण जैन,अखिलेश जैन (टप्पन),एडवोकेट महेंद्र जैन,अर्पण जैन,अमित जैन (बेनीगंज),श्री मनीष जैन (कटरा),आलोक जैन रपरिया,आदित्य जैन, अंकित जैन,आत्मन जैन,यश जैन,राजीव जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
