Thursday, May 7Ujala LIve News
Shadow

प्रयागराज की वरिष्ठ समाज सेविका और शिक्षाविद् संगीता अग्रवाल ‘फनकार गौरव सम्मान’ से अलंकृत

प्रयागराज की वरिष्ठ समाज सेविका और शिक्षाविद् संगीता अग्रवाल ‘फनकार गौरव सम्मान’ से अलंकृत

प्रयागराज।संगम नगरी की जानी-मानी समाज सेविका, प्रखर शिक्षाविद् और महिला सशक्तिकरण की प्रतिमूर्ति संगीता अग्रवाल को उनके द्वारा समाज के प्रति किए गए उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘फनकार ग्रुप’ द्वारा सम्मानित किया गया है। शहर के एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी.के. सिन्हा ने उन्हें स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

बाई का बाग निवासिनी संगीता अग्रवाल पिछले लंबे समय से शिक्षा के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान में जुटी हुई हैं। एक समर्पित शिक्षिका के रूप में उनकी पहचान केवल क्लासरूम तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने प्रयागराज में कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर हज़ारों बच्चों के भविष्य को नई दिशा दी है। उनके मार्गदर्शन में संचालित विद्यालयों में न केवल आधुनिक शिक्षा, बल्कि संस्कार और नैतिक मूल्यों पर भी विशेष बल दिया जा रहा है, जिससे एक सभ्य समाज का निर्माण हो सके।

संगीता की सक्रियता केवल शिक्षा क्षेत्र तक ही सीमित नहीं है। वह राष्ट्रीय उपभोक्ता संरक्षण संगठन में उच्च पद पर आसीन रहते हुए उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत हैं। इसके अतिरिक्त, वे कई राष्ट्रीय और स्थानीय सामाजिक संगठनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, जहाँ उनके नेतृत्व में महिलाओं और बच्चों के कल्याण हेतु कई प्रभावी अभियान चलाए जा रहे हैं।
सम्मान के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए श्रीमती संगीता अग्रवाल ने कहा, “समाज की सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। मेरा प्रयास हमेशा यही रहा है कि शिक्षा के उजाले से अज्ञानता के अंधेरे को दूर किया जा सके। यह सम्मान मेरी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है।”
मुख्य अतिथि डॉ. पी.के. सिन्हा ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि संगीता जैसी शख्सियत समाज के लिए प्रेरणापुंज हैं, जो निस्वार्थ भाव से समाज निर्माण में अपना सर्वस्व अर्पण कर रही हैं। फनकार कार्यक्रम के संयोजक सत्य प्रकाश और समारोह में शहर के कई गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने अग्रवाल को इस गौरवमयी उपलब्धि पर बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *