Monday, May 11Ujala LIve News
Shadow

उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राजकीय उद्यान अलीगंज का किया निरीक्षण

उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राजकीय उद्यान अलीगंज का किया निरीक्षण

प्रदेश सरकार नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त हरित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है

वाकिंग ट्रैक, लाइट एवं फूलों की क्यारियों को बेहतर बनाने के निर्देश

गर्मी के दृष्टिगत पार्क समय, गज़ीबो एवं वाटर कूलर की व्यवस्था होगी

 

लखनऊ, 11 मई 2026

प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह ने सोमवार को राजकीय शीतगृह परिसर उद्यान अलीगंज, लखनऊ का निरीक्षण कर पार्क में आमजन की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पार्क की साफ-सफाई, हरियाली, प्रकाश व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया तथा कहा कि पार्क को ऐसा विकसित किया जाए जिससे नागरिकों को स्वास्थ्यवर्धक एवं सुखद वातावरण मिल सके।

उद्यान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क में वाकिंग ट्रैक के किनारे उत्तम एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सुबह एवं शाम टहलने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि ट्रैक के दोनों ओर आकर्षक एवं रंग-बिरंगे फूलों की क्यारियाँ विकसित की जाएं, जिससे पार्क की सुंदरता और अधिक बढ़े तथा नागरिकों को प्राकृतिक वातावरण का आनंद प्राप्त हो सके।
उन्होंने आम जनता एवं विशेष रूप से बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैक के किनारे-किनारे आरामदायक बेंच लगाए जाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि पार्क में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों को बैठने एवं विश्राम की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

गर्मी के मौसम को देखते हुए उद्यान मंत्री ने पार्क के संचालन समय में भी आमजन की सुविधा के अनुरूप व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क को प्रातः 4 बजे से 9 बजे तक तथा सायं 5 बजे से रात 9 बजे तक खोला जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सुबह एवं शाम के समय पार्क का उपयोग कर सकें।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पार्क परिसर में वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग हेतु टीन शेड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पार्क में आने वाले नागरिकों को धूप एवं बारिश से बचाव के लिए सुरक्षित पार्किंग सुविधा मिलनी चाहिए।

इसके अतिरिक्त पार्क में बैठने एवं प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए तीन सुंदर गज़ीबो बनाए जाने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने कहा कि गज़ीबो पार्क की सुंदरता को बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के लिए आरामदायक स्थान उपलब्ध कराएंगे।

उद्यान मंत्री ने ट्रैकिंग पार्क के किनारे शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर कूलर लगाए जाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पार्क में आने वाले लोगों को पेयजल की समुचित सुविधा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।

उद्यान मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पार्क की सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए तथा नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से निगरानी एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त हरित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *