Saturday, May 16Ujala LIve News
Shadow

ईंधन संकट से निपटने को सहारनपुर महापौर की पहल: ई-कार से पहुंचे निगम, अधिकारियों को दिलाई पीएम-सीएम के संकल्प की शपथ

ईंधन संकट से निपटने को सहारनपुर महापौर की पहल: ई-कार से पहुंचे निगम, अधिकारियों को दिलाई पीएम-सीएम के संकल्प की शपथ

 

उजाला शिखर
ब्यूरो चीफ -अशवनी रोहिला

सहारनपुर/उत्तर प्रदेश। वैश्विक ईंधन संकट से निपटने के लिए नगर निगम में शनिवार शाम एक विशेष बैठक बुलाई गई, जिसमें महापौर डॉ. अजय कुमार अपनी परंपरागत सरकारी गाड़ी छोड़कर इलेक्ट्रिक कार से निगम पहुंचे और सभी अधिकारियों को बिजली, पेट्रोल-डीजल आदि ईंधन बचाने की शपथ दिलाई। इस दौरान नगरायुक्त शिपू गिरि व ट्रेनी आईएएस रामबरोस सरन सहित उपस्थित सभी अधिकारियों ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मितव्ययता और ईंधन बचत के उपायों के संकल्प से वे स्वयं को जोड़ते हैं तथा राष्ट्रहित में उनके द्वारा लिए गए निर्णयों को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने व्यावहारिक जीवन में अंगीकार करने का संकल्प लेते हैं।

इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने अधिकारियों को अनावश्यक यात्रा व विदेश यात्रा न करने, अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने व कार्यालय आने-जाने के लिए भी कार-पूलिंग करने, परिवार में खाद्य तेलों की खपत कम करने, विदेशी ब्रांडेड वस्तुओं पर निर्भरता कम कर स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करने, स्वयं तथा अपने सगे-संबंधियों और मित्रजनों को शादी-विवाह में सोना न खरीदने या कम से कम सोना खरीदने के लिए प्रेरित करने तथा खेती करने वाले अपने परिचितों को रासायनिक उर्वरकों को छोड़कर प्राकृतिक और जैविक खाद अपनाने के लिए प्रेरित करने आदि की शपथ दिलाई।

बैठक में महापौर ने इससे पूर्व निगम के सभी अधिकारियों को व्हीकल पूल करके आने तथा साइट पर जाने के लिए कम से कम वाहनों का उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुझाव दिया कि सप्ताह में कम से कम तीन दिन साइट पर जाने से बचें और जूम व वीडियो कॉल के माध्यम से निरीक्षण कराएं। महापौर ने कहा कि नगर निगम आने वाले समय में कूड़ा उठाने व निजी प्रयोग में आने वाले वाहनों को ई-व्हीकल में परिवर्तित करने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने बताया कि पार्षदों द्वारा तथा निगम बोर्ड की बैठकों में पूर्व में भी इलेक्ट्रिक वाहनों को खरीदने पर चर्चा हुई थी। साथ ही उन्होंने निगम में अपने कार्य से पैदल व साइकिल से आने वाले लोगों के कार्य में वरीयता देने का भी सुझाव दिया।

नगरायुक्त शिपू गिरि ने साइक्लिंग व जैविक खाद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दिखावे के लिए नहीं, बल्कि वे स्वयं क्या-क्या इस दिशा में कर सकते हैं, उसे व्यवहार में लाएं। इस बैठक में उपसभापति मयंक गर्ग, पार्षद दिग्विजय चौहान व अमित त्यागी के अलावा अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव व मृत्युंजय, सहायक नगरायुक्त जे पी यादव, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार व मुख्य अभियंता निर्माण सुरेश चंद सहित अनेक अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *