क्रीड़ा भारती द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम का सफल आयोजन; पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

प्रयागराज. समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज, रविवार को ‘क्रीड़ा भारती’, प्रयागराज काशी प्रांत द्वारा सिविल लाइंस स्थित ए.एन.एच.ए. (ANHA) ब्लड बैंक में एक स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य में क्रीड़ा भारती के सदस्यों और पदाधिकारियों ने न केवल बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, बल्कि समाज हित में अपना बहुमूल्य योगदान देते हुए ‘रक्तदान महादान’ के संकल्प को चरितार्थ किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्रीड़ा भारती के आदरणीय मार्गदर्शक एवं संरक्षक डॉ. शरद जैन की गरिमामयी अगुवाई में हुआ। डॉ. जैन के नेतृत्व में संगठन के तमाम सम्मानित पदाधिकारियों और सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ इस सेवा कार्य (मर्चो) में अपनी सहभागिता दर्ज कराई और रक्तदान किया।
इस अवसर पर संरक्षक डॉ. शरद जैन ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा:
”रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। हमारा एक छोटा सा प्रयास किसी बीमार या दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। क्रीड़ा भारती खेल के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों को निभाने के लिए हमेशा तत्पर रहती है और आज का यह कार्यक्रम इसी सेवा भावना का प्रतीक है।”
कार्यक्रम के दौरान ब्लड बैंक के चिकित्सकों और स्टाफ ने क्रीड़ा भारती के इस मानवीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। संगठन के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इस तरह के जनहित और सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया। इस दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इसमें प्रमुख रूप से क्रीड़ा भारती प्रयागराज के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मंत्री नवीन पोरवाल, प्रियंक गुप्ता, श्यामसिंह, ज्योति प्रकाश, अरुणा शर्मा, अर्चना मौर्या आदि प्रमुख रूप से सम्मिलित रहे।
