महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन

महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर (MPVM) में भारत विकास परिषद (लक्ष्य शाखा) के सौजन्य से एक दिवसीय निःशुल्क दंत चिकित्सा एवं परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में शहर के वरिष्ठ एवं ख्यातिलब्ध दंत चिकित्सकों की टीम द्वारा विद्यार्थियों के दाँतों की जाँच की गई तथा उन्हें मुख की स्वच्छता एवं देखभाल के प्रति जागरूक करते हुए दाँतों की नियमित सफाई, सही ब्रश करने की विधि, संतुलित आहार तथा मौखिक स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
चिकित्सकों की टीम में डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. अमरेश कुमार सिंह, डॉ. आशुतोष अग्रवाल, डॉ. आशीष सिंह यादव, डॉ. निहारिका निगम एवं डॉ. विनय पांडे शामिल रहे। डॉक्टरों ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से सीधा संवाद करते हुए दाँतों से जुड़ी आम समस्याओं, उनके बचाव और नियमित दंत परीक्षण के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा चिकित्सकों से अपने दंत स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों के उत्तर भी प्राप्त किए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अल्पोना डे ने छात्रों के उत्तम स्वास्थ्य हेतु दिए गए इस अतुलनीय योगदान के लिए उपस्थित चिकित्सकों की पूरी टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टरों द्वारा व्यस्त दिनचर्या में से समय निकालकर विद्यार्थियों को विभिन्न दंत रोगों, उनके निवारण व उपचार के तरीकों के बारे में मार्गदर्शन देना अत्यंत सराहनीय है। यह कार्यक्रम सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के लिए बेहद उपयोगी एवं सार्थक साबित हुआ। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं नियमित रूप से दंत स्वास्थ्य का ध्यान रखने के संदेश के साथ हुआ।
