रोटरी अरिहंत ने वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रयागराज
“धरती माँ के नाम – एक पौधा हर इंसान” अभियान के अंतर्गत रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, स्वरूप रानी अस्पताल के निकट, एम.जी. मार्ग, सिविल लाइंस, प्रयागराज में वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के संस्थापक शशांक जैन, अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. कीर्ति अग्रवाल एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीलिमा मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्लब के संस्थापक रोटेरियन शशांक जैन ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण एवं देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
क्लब की अध्यक्ष एवं चार्टर प्रेसिडेंट रोटेरियन डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में हजारों लोगों को स्वच्छ हवा, छाया और जीवन प्रदान करेगा। पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के चेयरमैन रोटेरियन अहयात अहमद ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। वृक्षारोपण अभियान इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीलिमा मिश्रा ने रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोटेरियन अंकित अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। अंत में क्लब की चार्टर सचिव रोटेरियन प्रीति जैन ने सभी अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रोटेरियन शशांक जैन, रोटेरियन डॉ. कीर्ति अग्रवाल, रोटेरियन अहयात अहमद, रोटेरियन अंकित अग्रवाल, रोटेरियन के. एम. प्रजापति एवं रोटेरियन कन्हैया लाल अग्रवाल सहित क्लब के सदस्य एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
