भारतीय शिक्षा बोर्ड की द्वितीय राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 के अंतर्गत योगासन खेल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ

प्रयागराज। भारतीय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित द्वित्तीय राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 के अंतर्गत योगासन खेल स्पर्धा का शुभारंभआज ब्लू बेल स्कूल, प्रयागराज में भव्य समारोह के साथ हुआ। दो दिवसीय यह प्रतियोगिता 26 एवं 27 सितंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से भारतीय शिक्षा बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालयों के 200 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि अभिजीत सिंह, अध्यक्ष, रेलवे भर्ती बोर्ड, प्रयागराज; वृज मोहन, क्षेत्रीय समन्वयक, भारतीय शिक्षा बोर्ड द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं, विद्यालय की छात्राओं द्वारा योगासन की मनमोहक एवं आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। मुख्य अतिथि अभिजीत सिंह ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। बोर्ड का ध्वजारोहण करने के पश्चात उन्होंने भारतीय शिक्षा बोर्ड की द्वितीय राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 के अंतर्गत योगासन खेल स्पर्धा के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की।
समारोह के दौरान भारतीय शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय समन्वयक बृज मोहन ने अपने संबोधन में जीवन में खेल एवं योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल और योग विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एवं भावनात्मक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है, जिससे विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान स्थापित करने का अवसर प्राप्त होता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या इंदु खुराना ने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के प्रबंधक संदीप कुशवाहा एवम् उप प्रबंध अतुल कुशवाहा ने प्रतियोगिता में सम्मिलित सभी खिलाड़ियों, कोच, टीम मैनेजर एवं टेक्निकल ऑफिशियल्स का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
योगासन प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत योगासन की चार प्रमुख स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर एवं रिदमिक पेयर शामिल हैं।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस खिलाड़ियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी अपनी योगासन प्रतिभा, कौशल, संतुलन, लचीलापन एवं अनुशासन का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन में कोच, टीम मैनेजर, टेक्रिकल ऑफिशियल्स, निर्णायक मंडल एवं आयोजन समिति के सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस दौरान मुख्य रूप से प्रतियोगिता पर्यवेक्षक राजन विश्वकर्मा, उप प्रधानाचार्य अर्पिता मालवीय व कम्पीटीशन डायरेक्टर नेहा श्योरान उपस्थित रहीं।
दो दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभागी खिलाड़ी विभिन्न योगासन स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के परिणाम एवं पदक विजेताओं की घोषणा समापन समारोह एवं मेडल सेरेमनी के दौरान की जाएगी।

