Saturday, September 26Ujala LIve News
Shadow

हेल्थ कार्निवल के छठे दिन महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

हेल्थ कार्निवल के छठे दिन महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित


प्रयागराज, 26 सितंबर 2026।

हमीदिया गर्ल्स डिग्री कॉलेज, संघटक महाविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज में एनएसएस–मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत आयोजित सप्ताहव्यापी हेल्थ कार्निवल के छठे दिन शनिवार को महिलाओं एवं छात्राओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन प्रातः 10:30 बजे किया गया, जिसमें विभिन्न स्वास्थ्य जांचों के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर का शुभारंभ ईश्वर को याद करते हुए एम.ए. प्रथम सेमेस्टर, अंग्रेजी विषय की छात्रा समरीन जाफरी द्वारा प्रस्तुत हम्द से हुआ। इसके पश्चात डॉ. अंजुम अहमद, स्त्री रोग विशेषज्ञ, एपेक्स हॉस्पिटल, प्रयागराज ने फीता काटकर स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. नासेहा उस्मानी ने स्वास्थ्य समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं तथा महिलाओं एवं छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक सामुदायिक सहभागिता पर बल दिया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। डॉ. अंजुम अहमद, स्त्री रोग विशेषज्ञ, एपेक्स हॉस्पिटल, प्रयागराज; डॉ. एन. रहमान, निदेशक, स्टार आई केयर, प्रयागराज; डॉ. सोहेल अहमद, जनरल फिजिशियन एवं असिस्टेंट प्रोफेसर, यूआईएमएस, प्रयागराज तथा डॉ. अफरीन फारूक, फेलो, एस्थेटिक मेडिसिन, प्रयागराज ने महिलाओं एवं छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया।

इस अवसर पर डॉ. सोहेल अहमद ने छात्राओं को संबोधित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुझाव दिए। उन्होंने युवा पीढ़ी को जंक फूड से बचने, नियमित रूप से व्यायाम करने तथा संतुलित एवं पर्याप्त प्रोटीन युक्त आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधि, पौष्टिक आहार और स्वस्थ दिनचर्या अच्छे स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की अनदेखी न करने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में ब्लड शुगर टेस्ट एवं ईसीजी टेस्ट सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। डॉ. आरिज़ क़ादरी, निदेशक, प्रयागराज हॉस्पिटल ने भी शिविर के आयोजन एवं स्वास्थ्य सेवाओं के समन्वय में सहयोग प्रदान किया।

खराब मौसम के बावजूद शिविर में उत्साहजनक सहभागिता रही। बड़ी संख्या में छात्राओं एवं महिलाओं ने शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया तथा विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ उठाया। शिविर में कुल 225 लाभार्थियों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं सेवाएं प्राप्त कीं।

इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन एपेक्स हॉस्पिटल एंड पार्क स्कैनिंग सीटी, अल्ट्रासाउंड एंड पैथोलॉजी सेंटर, प्रयागराज हॉस्पिटल, रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद रॉयल्स तथा ARAAISHH के सहयोग से किया गया। शिविर का उद्देश्य महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करना तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा।

हेल्थ कार्निवल के माध्यम से छात्राओं एवं महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शिविर में छात्राओं एवं महिलाओं की सक्रिय सहभागिता ने इस स्वास्थ्य जागरूकता अभियान की उपयोगिता एवं प्रभावशीलता को रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *