कोरांव सरकारी बस स्टैंड के कायाकल्प की दिशा में बढ़ा कदम
आवास एवं विकास परिषद की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण, यात्री सुविधाओं को लेकर दिए गए आवश्यक सुझाव

उजाला शिखर
कोरांव, प्रयागराज। नगर पंचायत कोरांव स्थित सरकारी बस स्टैंड के नवीनीकरण एवं कायाकल्प की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की टीम ने बस स्टैंड परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित निर्माण कार्यों से जुड़े तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया। टीम ने स्थल की स्थिति, उपलब्ध स्थान तथा यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य की संभावनाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड के नवीनीकरण को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से भी चर्चा की गई। इस दौरान यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बेहतर प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, सुगम आवागमन तथा परिसर के समुचित विकास पर विशेष जोर दिया गया। स्थानीय लोगों ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया।
इस अवसर पर सम्मानित सभासद सचिन केशरी, निशांत केशरी, गणेश प्रसाद मिश्र, प्रदीप केशरी, उमाकांत केशरी एवं सुमित कुमार पाण्डेय सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि बस स्टैंड के आधुनिक स्वरूप में विकसित होने से कोरांव क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और आवागमन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। स्थलीय निरीक्षण के बाद स्थानीय लोगों में बस स्टैंड के शीघ्र नवीनीकरण को लेकर उत्साह देखा गया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से अपेक्षित इस विकास कार्य के पूरा होने के बाद कोरांव के सरकारी बस स्टैंड को एक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्वरूप मिल सकेगा।

