उमेश पाल हत्याकांड का 5 लाख का इनामी शूटर अरमान बिहार से तड़के सुबह प्रयागराज लाया गया, कोर्ट में पेशी के बाद फिर गया जेल भेजा गया

प्रयागराज।* उमेश पाल हत्याकांड में 43 महीने से वांटेड चल रहे शूटर अरमान उर्फ अरमान बिहार को प्रयागराज पुलिस तड़के सुबह बिहार से प्रयागराज पुलिस लाइन लेकर आई। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उसे कोर्ट में पेश किया गया और पेशी के बाद वापस बिहार की गया सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
*बिहार के गया जेल में मिली थी लोकेशन*
प्रयागराज पुलिस पिछले 43 महीने से आरोपी अरमान की तलाश कर रही थी। कुछ समय पहले उसकी लोकेशन बिहार के गया सेंट्रल जेल में मिली थी, जहां वह किसी अन्य मामले में बंद था। रविवार शाम को गया सेंट्रल जेल से प्रयागराज पुलिस अरमान को लेकर रवाना हुई थी और तड़के सुबह प्रयागराज पुलिस लाइन पहुंची।
*24 फरवरी 2023 को हुई थी उमेश पाल की हत्या*
24 फरवरी 2023 को अधिवक्ता उमेश पाल व उनकी सुरक्षा में तैनात दो सरकारी गनरों की सरेआम हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में अरमान की भूमिका भी सामने आई थी। सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक सवार के रूप में अरमान नजर आया था। हत्याकांड के बाद अरमान पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
*अन्य आरोपी अभी भी फरार*
इस मामले में 5-5 लाख के अन्य आरोपी गुड्डू मुस्लिम और साबिर अभी भी फरार चल रहे हैं। वहीं अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, अशरफ की पत्नी ज़ैनब परवीन और अतीक की बहन आयशा नूरी भी वांटेड हैं, तीनों पर भी इनाम घोषित है।

