लगन सीजन में सुगम यातायात के लिए बारात के समय निर्धारण पर जोर, पुलिस प्रशासन, यातायात और गेस्ट हाउस एसोसिएशन एवं विभिन्न संगठनों की अहम गोष्ठी संपन्न

प्रयागराज,
आगामी लगन सीजन में प्रयागराज की यातायात व्यवस्था को सुचारू, व्यवस्थित एवं सुगम बनाए रखने तथा आम जनमानस को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइंस स्थित त्रिवेणी सभागार में पुलिस यातायात द्वारा इलाहाबाद गेस्ट हाउस एसोसिएशन, टेंट डेकोरेटर्स एवं कैटरर्स एसोसिएशन सहित संबंधित संगठनों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में लगन के दौरान बारात के समय को निर्धारित करने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति को नियंत्रित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में इस बात पर विशेष ध्यान आकर्षित किया गया कि लगन के दौरान रात लगभग 8:30 बजे से 10:30 बजे तक सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। वहीं, रात 10 बजे के बाद नो-एंट्री खुलने पर भारी वाहनों सहित अन्य वाहनों के आवागमन और वैवाहिक आयोजनों से जुड़े यातायात के कारण कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका रहती है। प्रयागराज में रिंग रोड की पूर्ण वैकल्पिक सुविधा उपलब्ध न होने के कारण शहर से होकर गुजरने वाले वाहनों का दबाव भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है।
इस अवसर पर इलाहाबाद गेस्ट हाउस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री गुफरान अहमद ने वैवाहिक आयोजनों के दौरान सामने आने वाली यातायात संबंधी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा। उन्होंने बताया कि बारात के अनियोजित समय, सड़कों पर वाहनों की अनियमित पार्किंग, मार्ग अवरुद्ध होने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन जैसी परिस्थितियों से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन समस्याओं के व्यावहारिक समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
बैठक में सुझाव दिया गया कि आगामी लगन सीजन को ध्यान में रखते हुए बारात के समय, मार्गों पर आवागमन, पार्किंग व्यवस्था तथा वैवाहिक स्थलों के बाहर यातायात प्रबंधन के संबंध में एक स्पष्ट एवं व्यावहारिक नियमावली तैयार की जाए। साथ ही, गेस्ट हाउस, मैरिज लॉन, एवं अन्य संबंधित संस्थानों के संचालकों और आयोजकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए उनका सहयोग सुनिश्चित किया जाए।
यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बैठक में उठाए गए विषयों एवं सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि आगामी लगन सीजन में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वैवाहिक आयोजनों के साथ-साथ आम नागरिकों का आवागमन भी सुचारू बना रहे।
बैठक में इस बात पर सहमति व्यक्त की गई कि सुगम यातायात केवल पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आयोजकों, व्यावसायिक संगठनों और आम नागरिकों की सामूहिक सहभागिता से ही संभव है। यदि बारातों का समय व्यवस्थित हो, सड़क पर अनावश्यक अवरोध न हों और यातायात नियमों का पालन किया जाए, तो जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में इलाहाबाद गेस्ट हाउस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री गुफरान अहमद, उपाध्यक्ष श्री विद्यासागर केशरी, जोनल इंचार्ज अतिन गुप्ता, प्रकाशन मंत्री श्री शाहिद कमाल, जोनल इंचार्ज आकाश जायसवाल, विपिन अग्रवाल, सचिन तिवारी, अखिल गुप्ता, शुभम कुशवाहा, विकास सिंह, शुभम केशरवानी, टेंट डेकोरेटर्स एंड कैटरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राम जी जायसवाल, कैटरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रियांक अग्रवाल, श्री अकरम शगुन और विभिन्न संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

