व्यापारी उत्पीड़न, पुलिस की निष्क्रियता एवं जनसमस्याओं को लेकर प्रयागराज व्यापार मंडल ने उठाई आवाज, एडीएम सिटी को सौंपा ज्ञापन
खाद्य विभाग की कार्रवाई में व्यापारियों को जागरूक करने की मांग, धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर न दर्ज होने पर जताई नाराजगी

प्रयागराज। जिला व्यापारी बंधु की बैठक में प्रयागराज व्यापार मंडल ने व्यापारियों एवं आम जनमानस से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक में एडीएम सिटी के समक्ष खाद्य विभाग द्वारा व्यापारियों के उत्पीड़न, व्यापारी के साथ धोखाधड़ी के मामले में कटरा चौकी में एफआईआर दर्ज न किए जाने, सोराम में पानी की टंकी निर्माण, कोठा पर्चा में टेंपो-टैक्सी के अवैध अड्डे तथा मऊआइमा में बैंक की सुविधा उपलब्ध न होने जैसे मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई।
प्रयागराज व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी ने खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताते हुए कहा कि व्यापारियों को नियमों और लाइसेंस संबंधी प्रक्रियाओं के प्रति पहले जागरूक किया जाना चाहिए, न कि अनावश्यक दबाव और उत्पीड़न की कार्रवाई की जाए। व्यापारी समाज सम्मानपूर्वक व्यवसाय करना चाहता है और विभागों से अपेक्षा है कि वे सहयोगात्मक रवैया अपनाएं।
व्यापारी के साथ धोखाधड़ी होने के बावजूद कटरा चौकी में एफआईआर दर्ज न किए जाने के विषय को भी गंभीरता से उठाते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई एवं पीड़ित व्यापारी को न्याय दिलाने की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त सोराम में पानी की टंकी निर्माण कार्य की आवश्यकता, कोठा पर्चा क्षेत्र में टेंपो-टैक्सी के अवैध अड्डे से उत्पन्न समस्याओं तथा मऊआइमा में बैंक सुविधा न होने से व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों को हो रही परेशानी के समाधान हेतु संबंधित विभागों से प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
बैठक के पश्चात इन सभी समस्याओं को संकलित करते हुए एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपा गया और समस्याओं के समयबद्ध समाधान की अपेक्षा व्यक्त की गई।
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रयागराज व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी, जिलाध्यक्ष गंगापार सुरेश चौरसिया, जिला महामंत्री सुशील जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष मुदित खत्री, नगर उपाध्यक्ष धीरज केसरवानी, अनंत लाल सहित जिला एवं नगर के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रयागराज व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि व्यापारी हितों, व्यापारियों के सम्मान एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर संगठन निरंतर संघर्षरत रहेगा और समस्याओं के समाधान तक संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
