कार्तिक पूर्णिमा पर संगम में मनाई गई दिव्य देव दिवाली,लगा देवता खुद उतर आएं हो तीर्थराज में

कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर देव दीपावली का पर्व संगम नगरी प्रयागराज में बड़े ही आस्था और विश्वास के साथ मनाया गया। इस मौके पर संगम तट पर जुटे हजारों लोगों को चार लाख से ज्यादा दिये जलाकर दीपदान किया और सुख और समृद्धि की कामना की।

संगम तट पर एक साथ लाखों दीपक जलने से संगम तट पर भव्य नजारा देखने को मिला। ऐसे लग रहा था कि मानों तारे जमीं पर उतर आये हों। दीपोत्सव के इस महापर्व में आम श्रद्धालुओं के साथ ही परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों, स्काउट गाइड और स्वयं सेवी संस्थाओं के लोगों ने भी हिस्सा लिया।

संगम नोज पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी दीपदान किया और वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा की गई गंगा आरती के भी साक्षी बने। इस दौरान लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। संगम पर दीपदान के इस अद्भुद और अलौकिक नजारे को देखने के लिए लोग भी दूर-दूर से यहां पहुंचे हुए थे।

देव दीपावली के मौके पर इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के फाइन आर्ट्स डिपार्टमेंट के छात्र छात्राओं ने संगम तट पर सैंड से भव्य कलाकृति बनाकर
देव दीपावली की लोगों को शुभकामनाएं दी।

इस कलाकृति में प्रयागराज में स्थित 12 माधव के दर्शन एक ही स्थान पर कराए।इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी का कार्यक्रम किया गया।

