सहारनपुर को CM योगी का 2131 करोड़ का तोहफा: 325 परियोजनाओं से बनेगा देश का पहला इंडस्ट्रियल लॉजिस्टिक हब*
_500 युवाओं को पुलिस में नौकरी, दिल्ली अब 2.5 घंटे दूर_

उजाला शिखर
ब्यूरो चीफ – अशवनी रोहिला
_सहारनपुर_। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार, 7 मई को देवबंद के ग्राम जड़ौदा जट्ट में सहारनपुर जनपद को 2131 करोड़ रुपये की 325 परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 500 करोड़ रुपये की 184 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और 1631 करोड़ रुपये की 141 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। ये सभी परियोजनाएं जनपद की सातों विधानसभाओं से जुड़ी हैं।
मंच से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद, नन्दबाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, खाद्य प्रसंस्करण तथा आयुष्मान भारत कार्ड के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, आवासों की चाबी और टूलकिट प्रदान किए गए।
राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह एवं राज्यमंत्री संसदीय कार्य तथा औद्योगिक विकास जसवंत सैनी ने पगड़ी एवं अंगवस्त्र पहनाकर तथा छत्रपति शिवाजी महाराज का चित्र भेंटकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन किया। सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मुख्यमंत्री को एक जिला एक उत्पाद योजना के अंतर्गत काष्ठ से निर्मित नटराज की भव्य मूर्ति भेंट की।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माँ शाकम्भरी देवी एवं माँ त्रिपुर बाला सुंदरी देवी को नमन कर जनपदवासियों को विकास कार्यों की बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच सक्रिय रहें और सरकार सुशासन के लक्ष्य को बिना भेदभाव के पूरी प्रतिबद्धता से लागू कर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर के कारीगरों की वर्ल्ड क्लास वुड कार्विंग ने जिले को वैश्विक पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री द्वारा 06 लेन एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण हो चुका है, जिससे सहारनपुर से दिल्ली की दूरी अब मात्र 2.5 घंटे रह गई है। इस इकॉनोमिक कॉरिडोर में देश का पहला इंडस्ट्रियल लॉजिस्टिक हब सहारनपुर में स्थापित किया जा रहा है, जिसका कार्य प्रारंभ हो चुका है। इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, देश की पहली रैपिड रेल दिल्ली-मेरठ तथा लगभग 600 किमी लंबा 06 लेन मेरठ-प्रयागराज एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया गया है। अब सहारनपुरवासी लखनऊ छह घंटे और प्रयागराज साढ़े सात घंटे में पहुंच जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सहारनपुर में माँ शाकम्भरी के नाम पर विश्वविद्यालय है। सहारनपुर एयरपोर्ट के माध्यम से जिला देश और दुनिया से जुड़ेगा। बेहट में स्पोर्ट्स कॉलेज, स्मार्ट सिटी, आईसीसीसी, सीएम ग्रिड के अंतर्गत अच्छी सड़कें, अनेक डिग्री कॉलेज, नगर में बस स्टेशन, जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आरसीसी ड्रेन की कार्यवाही सहित विकास की अनेक योजनाएं संचालित हैं। माँ शाकम्भरी मंदिर जाने के लिए एलिवेटेड हाईवे के निर्माण के साथ ही कॉरिडोर बनाया जा रहा है, जिससे किसी भी मौसम में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर सकेंगे। नवरात्रि में विभिन्न राज्यों एवं जनपदों से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को कोई समस्या नहीं होगी। पुलिस भर्ती में सहारनपुर के लगभग 500 नौजवानों को नौकरी मिली है।
योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुरवासियों को आश्वस्त किया कि सरकार सहारनपुर में विकास, सुरक्षा, नौजवानों को रोजगार, औद्योगिक विकास, कारीगरों के सम्मान, अन्नदाताओं की खुशहाली, बहन-बेटियों की सुरक्षा और नौजवानों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए आवश्यकता अनुसार हर संभव कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि विधायकगण अपनी-अपनी विधानसभाओं में विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहे हैं। सहारनपुर अपनी गति के माध्यम से प्रगति कर देश की समृद्धि में योगदान दे रहा है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू नहीं है, हर तरफ विकास की प्रतिस्पर्धा है। उत्तर प्रदेश भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। विरासत से जुड़े किसी भी कार्यक्रम पर किसी की कुदृष्टि नहीं पड़ेगी। कोई बहन-बेटी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता, अन्नदाता किसान का शोषण नहीं कर सकता, किसी व्यापारी के अपहरण का दुस्साहस नहीं कर सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में बिना रुके, बिना डिगे, बिना झुके विकास के समग्र कार्यक्रमों को आगे बढ़ाते हुए बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक तबके को दिया गया है। वंचितों को वरीयता तथा पिछड़ों को प्राथमिकता दी गई है। उत्तर प्रदेश की लगभग 25 करोड़ जनता एक परिवार है।
राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह ने कहा कि देवबंद मेरी जन्म भूमि और कर्म भूमि है। डबल इंजन सरकार में देवबंद सहित पूरे जनपद में सड़कें चौड़ी हुई हैं, एयरपोर्ट बनकर तैयार है और देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे खुल चुका है। उन्होंने बताया कि देवबंद स्थित डिग्री कॉलेज में विज्ञान संकाय की कक्षाएं शुरू कराने के लिए मुख्यमंत्री ने तत्काल आदेश दिए, जिसके बाद 35 साल से लंबित भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।
राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून का राज है और उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, विधायक रामपुर मनिहारान देवेन्द्र निम, विधायक गंगोह किरत सिंह, विधायक नगर राजीव गुम्बर, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, एमएलसी वंदना वर्मा, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन राजपाल सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक धर्म सिंह सैनी, पूर्व विधायक संजय गर्ग, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व विधायक नरेश सैनी, साहब सिंह सैनी, एडीजी बरेली जोन भानू भास्कर, मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन सहित जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई तथा अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।
