14 साल से न्याय की तलाश में भटक रहा परिवार
फ्री होल्ड प्लॉट पर कब्जे का आरोप

प्रयागराज। प्रदेश सरकार जहां एक ओर भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा कर रही है, वहीं प्रयागराज में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जार्ज टाउन थाना क्षेत्र निवासी जितेंद्र नाथ सिंह और उनकी पत्नी जानकी देवी पिछले 14 वर्षों से अपनी खरीदी हुई जमीन पर कब्जा पाने के लिए सरकारी दफ्तरों और मुख्यमंत्री पोर्टल के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
शुक्रवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के नारद सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पीड़ित परिवार ने मीडिया के सामने अपनी पीड़ा रखी। जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि वर्ष 2012 में उन्होंने अपनी पत्नी के नाम 200 गज का फ्री होल्ड प्लॉट रजिस्ट्री कराया था। आरोप है कि उसी दौरान एक दबंग व्यक्ति ने दबंगई के बल पर जमीन पर कब्जा कर लिया।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने जिलाधिकारी, नगर निगम, विकास प्राधिकरण और मुख्यमंत्री पोर्टल तक कई बार शिकायत की। प्रशासन की ओर से तीन अलग-अलग आदेश भी जारी हुए, जिनमें कब्जे को अवैध बताते हुए जमीन खाली कराने के निर्देश दिए गए। इसके बावजूद आज तक उन्हें कब्जा नहीं मिल सका।
प्रेस वार्ता में जितेंद्र नाथ सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि थाना स्तर पर मिलीभगत के चलते आदेशों का पालन नहीं कराया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंडल आयुक्त की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल शपथ पत्र में यह दर्शाया गया कि कब्जा खाली कराकर पीड़ित को सौंप दिया गया है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है। उन्होंने मीडिया के सामने हाल की तस्वीरें दिखाते हुए दावा किया कि आज भी जमीन पर कथित कब्जेदार का ही कब्जा बना हुआ है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी रजिस्ट्री और सभी वैध दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें उनकी जमीन का कब्जा दिलाया जाए तथा कथित भू-माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और वर्षों से न्याय की आस लगाए बैठे परिवार को आखिर कब राहत मिलती है।
