पूनम संत महिला एवं विकास समिति के द्वारा मातृ दिवस समारोह का हुआ भव्य आयोजन

प्रयागराज।
पूनम संत महिला एवं विकास समिति द्वारा मातृ दिवस के शुभ अवसर पर होटल लैंडमार्क, सिविल लाइंस, प्रयागराज में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, संस्कृति, महिला सशक्तिकरण एवं मातृत्व के सम्मान को केंद्र में रखते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, सम्मान समारोह एवं महिला आत्मनिर्भरता से जुड़े विशेष कार्य संपन्न हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रीया गुहा द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण गणेश वंदना से हुई। तत्पश्चात संस्था की राष्ट्रीय संयोजिका श्रीमती इसाबेल ब्रेंडिश द्वारा स्वागत भाषण एवं अतिथियों का परिचय कराया गया। दीप प्रज्ज्वलन समारोह के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम संत मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। उन्होंने मातृ दिवस के महत्व पर अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त करते हुए कहा कि —
“माँ केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, प्रेम और दिशा देने वाली प्रथम शक्ति है। जिस समाज में मातृशक्ति का सम्मान होता है, वही समाज सशक्त और समृद्ध बनता है।”
उन्होंने आगे कहा कि —
“हर महिला में दुर्गा का स्वरूप विद्यमान है। आवश्यकता केवल उसे पहचानने और सम्मान देने की है। जब नारी आत्मनिर्भर और जागरूक बनेगी, तभी राष्ट्र वास्तविक रूप से प्रगतिशील बनेगा।”
पूनम संत ने संस्था द्वारा संचालित “मिशन दुर्गा” एवं “सखी जोड़ो अभियान” का उल्लेख करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा कई सखियों को आत्मनिर्भरता एवं रोजगार प्रोत्साहन हेतु सिलाई मशीनों का वितरण भी किया गया। संस्था के इस प्रयास की उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों द्वारा सराहना की गई।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आध्यात्मिक गुरू आचार्य महामंडलेश्वर कौशल्या नंद गिरी जी महाराज एवं न्यायमूर्ति विजयलक्ष्मी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। दोनों विशिष्ट अतिथियों ने मातृत्व, नारी शक्ति एवं सामाजिक जागरूकता पर अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में “जय जय कारा” प्रार्थना नृत्य की सुंदर प्रस्तुति सान्वी गुप्ता, श्रेया सिंह, रिद्धि सिंह, नव्या तिवारी, आरना पांडेय, आरोही, आयुषी सिंह एवं अभ्नी तिवारी द्वारा दी गई। इसके पश्चात राष्ट्रीय महासचिव कामिनी जैन ने संस्था द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं मातृ दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
महिषासुर मर्दिनी पर आधारित शक्तिशाली नृत्य प्रस्तुति हर्षिता राजपूत, आनंदिता प्रताप सिंह, गौरी पांडेय, नवात्मना, हिमतान्या सिंह, शौरवी सिंह एवं क्रिस्टीना सिंह द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं मोहिनी श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत मातृ दिवस पर आधारित मधुर गीत ने वातावरण को भावुक बना दिया।
फैशन एवं आत्मविश्वास से परिपूर्ण कैटवॉक प्रस्तुति गौरी श्रीवास्तव एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत की गई। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश इकाई की कार्यप्रणाली एवं उपलब्धियों की जानकारी संस्था की प्रदेश अध्यक्ष हेमा शर्मा के द्वारा साझा की गई।
कार्यक्रम में महिषासुरमर्दिनी पर आधारित डांस ड्रामा की प्रस्तुति रिशिता दीक्षित, मयूरी श्रीवास्तव, अंशिका मिश्रा, हृदय पांडेय, कनक, सात्विक पतेरिया, प्रज्ञान मीणा, अदिति, आन्वी पांडेय, सृष्टि एवं वैष्णवी यादव द्वारा दी गई, जिसे सभी ने अत्यंत सराहा।
मातृ दिवस के विशेष अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को “Inspiring Women Awards” से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली महिलाओं में रचना श्रीवास्तव, डॉ. नीता साहू, मीनाक्षी शर्मा, खुशबू पांडेय, सुप्रिया चौधरी, नीलिमा उपाध्याय, जुही सक्सेना, नीरा त्रिपाठी, गीता आर्या, कंचन श्रीवास्तव, अनुराधा सक्सेना, रेनू श्रीवास्तव, बीना गौतम, मधु श्रीवास्तव, उमा दीक्षित, अर्चना निगम एवं सलोनी गुप्ता शामिल रहीं।
कार्यक्रम में संस्था की युवा सखियों द्वारा प्रस्तुत फैशन शो भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। फैशन शो के ज्यूरी सदस्य के रूप में गौरी गीता ओझा, शुभ्रा चतुर्वेदी एवं समृद्धि सिंह उपस्थित रहीं। वहीं संगीत प्रस्तुतियों में मोहिनी श्रीवास्तव, संगीता विश्वकर्मा एवं आनंद त्रिपाठी ने अपनी कला से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन संस्था के संयोजक अनुराग संत के द्वारा किया गया। वहीं अंत में संस्था के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक संत द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
पूरा कार्यक्रम मातृत्व, नारी सम्मान, महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भर भारत की भावना से ओतप्रोत रहा तथा उपस्थित सभी लोगों ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना की।
