Monday, May 11Ujala LIve News
Shadow

अग्रवाल युवा मण्डल द्वारा राष्ट्रीय संप्रेक्षण गृह में 141 बच्चों हेतु संस्कारशाला एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित

 

अग्रवाल युवा मण्डल द्वारा राष्ट्रीय संप्रेक्षण गृह में 141 बच्चों हेतु संस्कारशाला एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित

प्रयागराज, 10 मई 2026, अग्रवाल युवा मण्डल द्वारा राष्ट्रीय संप्रेक्षण गृह (किशोर), प्रयागराज में 141 बच्चों के लिए “संस्कारशाला एवं कौशल विकास कार्यक्रम” का सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न परिस्थितियों के कारण जीवन की मुख्यधारा से भटके बच्चों को पुनः संस्कार, शिक्षा, कला, संगीत एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना था। इस अवसर पर बच्चों को वस्त्र, फुटवियर एवं स्टेशनरी सामग्री का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल, मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग, मंत्री अजीत बंसल, समाज के सदस्य अंकुर अग्रवाल एवं नवीन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समाज के कार्यालय प्रभारी अंकित अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

अग्रवाल महिला मण्डल की अध्यक्ष मोना अग्रवाल, महामंत्री नंदिता अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्वेता पोद्दार एवं प्रियंका अग्रवाल ने बच्चों को संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता एवं सकारात्मक सोच के विषय में प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया।

युवा महिला मण्डल की महामंत्री डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सकारात्मक ऊर्जा के महत्व पर प्रेरक विचार साझा किए। मदर्स डे के अवसर पर उन्होंने बच्चों को माता के सम्मान, सेवा एवं उनके संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प भी दिलाया।

कार्यक्रम में बच्चों के लिए कला, संगीत, नृत्य, खेल एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उनकी प्रतिभाओं को मंच मिला और आत्मविश्वास बढ़ा।

संस्था के संचालक राकेश चौरसिया ने बच्चों को अनुशासन बनाए रखते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने तथा सही दिशा में प्रयास करने की प्रेरणा दी।

अंकुर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “जीवन में आगे बढ़ने के अनेक अवसर होते हैं। पुरानी गलतियों से सीख लेकर नए संकल्प के साथ आगे बढ़ना ही सफलता की पहली सीढ़ी है।”

अजीत बंसल ने बच्चों को अपनी कला—चित्रकला, संगीत, अभिनय अथवा किसी भी हुनर—को निरंतर अभ्यास द्वारा निखारने के लिए प्रेरित किया।

श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल ने कहा कि समाज का वास्तविक दायित्व केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे बच्चों को संस्कार, शिक्षा और आत्मविश्वास देकर उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव सेवा एवं संस्कार आधारित कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।

मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि बच्चों के भीतर अपार प्रतिभा एवं संभावनाएं छिपी होती हैं। आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा, प्रोत्साहन एवं सकारात्मक वातावरण देने की है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम के दौरान युवा मण्डल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल ने अनूप अग्रवाल एवं अंकुर अग्रवाल को विशेष सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग एवं सहभागिता से ही ऐसे सेवा एवं संस्कार आधारित कार्यक्रम सफल हो पाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन राहुल अग्रवाल ने किया। अग्रवाल युवा मण्डल की टीम—अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशुतोष गोयल, महामंत्री वैभव गोयल, सहमंत्री अंकित अग्रवाल, हर्षित अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, राहुल अग्रवाल एवं आयुष अग्रवाल—ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

अंत में युवा मण्डल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल ने सभी अतिथियों, समाज के सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के आर्थिक एवं नैतिक सहयोग से ही ऐसे संस्कारात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम सफल हो पाते हैं तथा युवा मण्डल भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *