न रुकेंगे न झुकेंगे विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे: केशव मौर्य
प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रयागराज में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन सुना गया। इसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और देश के विकास में उनके योगदान को रेखांकित किया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल को जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित एक प्रेरणादायी मिसाल बताया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष स्वतंत्र भारत के इतिहास का एक स्वर्णिम और युगांतकारी अध्याय है।
एक सच्चे तपस्वी की तरह उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया है। उनके दूरदर्शी निर्णयों, ऐतिहासिक सुधारों और सुशासन से आए मूलगामी बदलावों ने न केवल वर्तमान को संवारा है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत, स्वाभिमानी और सुरक्षित भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त किया है।
सुदूर गांवों से लेकर वैश्विक मंचों तक, गरीबों के कल्याण से लेकर अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाले उनके प्रत्येक निर्णय ने देश को निराशा के अंधकार से निकालकर अटूट आत्मविश्वास से भरा है। जिस पीढ़ी ने कभी अभाव, संघर्ष और निराशा का जीवन देखा था, आज वही पीढ़ी आत्मविश्वास से लबरेज होकर ‘विकसित भारत’ की नींव रख रही है।
शोषित, वंचित, गरीब और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्होंने हीनभावना के स्थान पर ‘हम कुछ भी कर सकते हैं’ का विश्वास जगाया है। यही कारण है कि आज भारत की युवा पीढ़ी वैश्विक मंचों पर आंख में आंख मिलाकर बात करती है और अवसरों के खुले आसमान में ‘नई उड़ान’ भर रही है। प्रधानमंत्री ने ऐसी मजबूत आर्थिक और सामाजिक आधारशिला रखी है, जिससे भावी पीढ़ियों को संघर्षों की विरासत नहीं, बल्कि अवसरों से भरी दुनिया और एक सशक्त व आत्मनिर्भर भारत मिलेगा। ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ बोए गए सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के ये बीज आने वाली पीढ़ियों को एक सूत्र में पिरोते हुए सशक्त राष्ट्र की अमूल्य विरासत देंगे। 2047 का ‘विकसित भारत’ इसी आत्मविश्वासी पीढ़ी के हाथों अपने ‘स्वर्णिम शिखर’ को छुएगा। यही वह विरासत है, जिसके कारण माननीय प्रधानमंत्री जी ‘पीढ़ी-दर-पीढ़ी’ देश के ‘मानस पटल’ पर अंकित रहेंगे।
हमें गर्व है कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लेकर काम कर रहे हैं। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। डबल इंजन सरकार सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका सम्मान के सिद्धांत पर चलकर समाज के सभी वर्गों का विकास कर रही है। भाजपा संगठन के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना सर्वोपरि है। इससे पहले धरना स्थल से सेवा ज्योति यात्रा प्रारंभ हुई डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ज्योति प्रज्ज्वलित किया। यात्रा का समापन सुभाष चौराहे पर हुआ। जहां प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों ने सुना। यात्रा संयोजक मंजीत कुशवाहा रहे। इस अवसर पर प्रयागराज महानगर प्रभारी श्री राकेश त्रिवेदी जी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक श्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, राजमणि कोल,एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, रणजीत सिंह प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ताडॉ शैलेश पांडे विजय श्रीवास्तव, अनुज कुशवाहा, आनंद सोनकर, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, विजय द्विवेदी, दीप द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, दिलीप चतुर्वेदी, उमेश तिवारी, शुभम सिंह, मोहित गुप्ता , राजेश गोंड, शिखा रस्तोगी, शोभिता श्रीवास्तव, प्रिया कैथवास, सुजीत कुशवाहा आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

